CURATED BY – GAURAV SINGHAL | CITYCHIEFNEWS.

देवबंद (सहारनपुर), मेपल्स एकेडमी विद्यालय प्रांगण में पुरस्कार वितरण समारोह के साथ वार्षिक परीक्षाफल घोषित किया गया। समारोह का आयोजन विद्यालय प्रबंध समिति तथा प्रधानाचार्या द्वारा माँ सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इसी दौरान कक्षा प्री-नर्सरी से 9 व 11 तक के छात्र-छात्राओं को शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए क्रमशः प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार वितरित किए गए। दूसरे अवार्ड के अन्तर्गत वैलडन कीप इट अप पुरस्कार उन विद्यार्थियों को दिया गया जिन्होंने शिक्षण व अन्य क्षेत्रों में अपने 
आप को पहले से बेहतर सिद्ध किया। इसी श्रृंखला में तीसरे अवार्ड में गुड पेरेन्ट अवार्ड उन अभिभावकों को दिया गया जिन्होंने शिक्षा में समय-समय पर अपने बच्चों के साथ-साथ स्कूल को भी सहयोग दिया। अभिभावक और बच्चें रिपोर्ट कार्ड देखकर एवं अवार्ड पाकर बहुत खुश नजर आ रहे थे और अभिभावक विद्यालयों के प्रयासों की सराहना कर रहे थे। इसी अवसर पर विद्यालय द्वारा अभिभावकों एवं विद्यार्थियों को यादगार के रूप में एक फोटो प्रति भी भेंट स्वरूप दी गई। जो सभी अभिभावकों के लिए एक स्मरणीय पल था। सभी अभिभावक अपने-अपने बच्चे का परीक्षाफल देखकर बहुत खुश नजर आ रहे थे। इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या डाॅ. चित्रा जोशी ने विद्यार्थियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बधाई दी और उन्हें शुभकामनाएँ देकर उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। इस दौरान अभिभावकों को बताया गया कि वह अपने बच्चों के सम्पूर्ण विकास पर विशेष ध्यान दे, उनका रिपोर्ट कार्ड अवश्य देखें, जिससे आप और हम सभी मिलकर बच्चों का पूर्ण रूप से मार्गदर्शन कर सकें। कार्यक्रम का संचालन अध्यापिका अंजलि त्यागी एवं संदीप त्यागी द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। इस कार्यक्रम को सफल बनाने में उत्कर्ष वत्स, शुभम शर्मा, सचिन त्यागी, योगिता बावा, सिम्मी मखीजा एवं लवि त्यागी आदि का सम्पूर्ण सहयोग रहा। इस अवसर पर विद्यालय का समस्त स्टाफ मौजूद रहा।