CURATED BY – GAURAV SINGHAL | CITYCHIEFNEWS

सहारनपुर, मण्डलायुक्त डॉ0 हृषिकेश भास्कर यशोद ने बताया कि भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी जी का जन्म शताब्दी वर्ष 25 दिसम्बर 2025 तक मनाये जाने का निर्णय लिया गया है। जन्म शताब्दी वर्ष समारोह पूर्वक मनाये जाने का निर्णय उनके विराट व्यक्तित्व एवं विचारों को जन-जन तक पंहुचाने तथा युवा पीढी को प्रेरणा प्रदान करने के उद्देश्य से लिया गया है। डॉ0 हृषिकेश भास्कर यशोद ने मण्डल के तीनों जनपदों के जिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि मण्डल में भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी का जन्म शताब्दी मनाये जाने हेतु समस्त विभागों द्वारा अपने-अपने विभाग की प्रस्तावित एवं निर्धारित कार्य योजना के अनुरूप कार्यक्रमों का आयोजन सुनिश्चित किया जाए। मण्डलायुक्त हृषिकेश भास्कर यशोद ने बताया कि 26 जनवरी 2025 को गणतन्त्र दिवस के अवसर पर श्री अटल जी के सुशासन से संबंधित विचारों एवं नीतियों पर विचार-गोष्ठी तथा तत्संबंधी कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। 03 फरवरी को भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी को समर्पित कवि कुम्भ का आयोजन किया जाएगा। इसी क्रम में 27 मार्च को अटल बिहारी वाजपेयी जी के व्यक्तित्व एवं उपलब्धियों पर विचार-गोष्ठी का आयोजन, 05 जून को पर्यावरण दिवस के अवसर पर वाजपेयी जी के राष्ट्र निर्माण में योगदान पर कार्यक्रमों का आयोजन, 29 जुलाई को राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 एवं भारतीय ज्ञान परम्परा विषय पर संगोष्ठी तथा अन्य कार्यक्रमों और प्रतियोगिताओं का आयोजन,15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर वाजपेयी जी के सुशासन से संबंधित विचारों व नीतियों पर कार्यक्रमों का आयोजन, 16 अगस्त को भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्य तिथि पर अवसरानुकूल कार्यक्रमों का आयोजन, 02 अक्टूबर को वाजपेयी जी की महत्वपूर्ण इक्यावन कविताओं के काव्य पाठ संबंधित कार्यक्रम का आयोजन, 11 नवम्बर को राष्ट्रीय शिक्षा दिवस के अवसर पर श्री अटल बिहारी वाजपेयी जी के सर्व शिक्षा अभियान की उपलब्धियों पर कार्यक्रमों का आयोजन, 26 नवम्बर को संविधान दिवस के अवसर पर वाजपेयी जी के देश के विकास में योगदान पर कार्यक्रमों का आयोजन, 25 दिसम्बर 2025 को भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी जी की जयन्ती/जन्म शताब्दी वर्ष के समापन के अवसर पर समारोहपूर्वक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।