पानी से भरी हौद में गिरा युवक, हुई मौत
युवक घर का इकलौता पुत्र था, दिसंबर में उसकी शादी होनी थी
CURATED BY – GAURAV SINGHAL | CITYCHIEFNEWS
सहारनपुर, चक्कर आने पर पानी की हौद में गिरकर एक युवक की मौत हो गई। युवक अपने घर का इकलौता पुत्र था और दिसंबर में उसकी शादी होनी थी। प्राप्त जानकारी के अनुसार पशुओं को पानी पिलाते समय एक युवक चक्कर आने से पानी से भरी हौद में गिर गया। पानी में मुंह के बल पड़ा रहने से उसकी मौत हो गई। वह परिवार में इकलौता बेटा था तथा दिसंबर में उसकी शादी तय थी। युवक की मौत से उसके परिवार में चल रही शादी की तैयारी की खुशी भी मातम में बदल गई। चिलकाना क्षेत्र के सुल्तानपुर में जंगल वाली मस्जिद के निकट रहने वाले नौशाद कुरैशी का पुत्र दानिश कुरैशी (21) सुबह अपने पशुओं को घेर में बनी पानी की हौद में पानी पिला रहा था। अचानक चक्कर आने से वह हौद में गिर गया तथा वहां से निकल नहीं पाया। कुछ देर बाद नौशाद घेर में गया, तो वहां उसने हौद में पड़े अपने पुत्र को देखा। पड़ोस के लोगों ने दानिश को हौद से बाहर निकाल कर उसे स्थानीय चिकित्सक को दिखाया। गंभीर हालत को देखते हुए दानिश को सहारनपुर रेफर कर दिया। उसके बाद परिजन दानिश को सहारनपुर ले गए, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। लोगों का कहना है कि जिस पानी की हौद में दानिश गिरा था, वह महज तीन फुट गहरी थी। दानिश घर में इकलौता बेटा था। उसकी एक बड़ी तथा एक छोटी बहन है। दिसंबर माह में दानिश और उसकी बड़ी बहन की शादी होनी थी। घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं।