CURATED BY – GAURAV SINGHAL | CITYCHIEFNEWS

सहारनपुर । देवबंद, देवबंद कोतवाली क्षेत्र के जड़ौदा जट्ट गांव में चल रही लाइसेंसी पटाखे की फैक्ट्री में आज सुबह करीब 6:30 बजे विस्फोट हो गया। विस्फोट की आवाज से वहां जबरदस्त हड़कंप मच गया। इसके बाद काफी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और बाद में सहारनपुर के आला पुलिस-प्रशासनिक अधिकारी और फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंच गई। मौके पर पहुंचे जिलाधिकारी मनीष बंसल ने पत्रकारों को बताया कि फैक्ट्री के संचालक तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है। विस्फोट में तीन लोगों की मौत हो गई है। जिनमें राहुल कुमार पुत्र रामकुमार (25) निवासी गांव फतेहपुर, विशाल पुत्र संदीप कुमार (22) गांव गुनारसा, विकास पुत्र राजबल (20) निवासी जडौदाजट्ट शामिल है।मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। बताया जा रहा है कि विस्फोट से लोगों के चीथडे उड गए। 
घटना से आक्रोशित आसपास के गांव के लोगों ने हाईवे पर जाम लगा दिया। पुलिस- प्रशासनिक अधिकारी लोगों को समझाने-बुझाने में लगे हुए है। बताया जा रहा है कि फैक्ट्री ईगल फायर वर्क्स के नाम से संचालित थी। जिसे तीन लोग चला रहे थे।  जिलाधिकारी मनीष बंसल ने बताया कि फैक्ट्री को पटाखों के लिए लाइसेंस मिला हुआ था। वास्तविकता में वहां किस प्रकार के पटाखों का निर्माण किया जा रहा था। वह फोरेंसिक टीम और जांच के बाद पता चलेगा।
विस्फोट का कारण अभी पता नहीं चल सका है। जिसकी जांच की जा रही है। मौके पर जिलाधिकारी सहारनपुर मनीष बंसल, एसएसपी सहारनपुर रोहित कुमार साजवान, एडीएम प्रशासन डॉक्टर अर्चना द्विवेदी, एडीएम वित्त एवं राजस्व रजनीश कुमार मिश्र, मुख्य अग्निशमन अधिकारी, एसडीएम देवबंद युवराज सिंह, सीओ देवबंद रविकांत पाराशर, देवबंद कोतवाली प्रभारी धर्मेन्द्र कुमार सोनकर मौके पर मौजूद है।