भारतीय वायुसेना के एयर मार्शल ए.के. भारती ने सोमवार को एक मीडिया ब्रीफिंग को संबोधित करते हुए कहा कि भारत की लड़ाई आतंकवादियों के खिलाफ है, और यह दुखद है कि पाकिस्तान ने हस्तक्षेप करने का फैसला किया. उन्होंने यह टिप्पणी भारत और पाकिस्तान के बीच 10 मई को हुए युद्ध विराम समझौते के दो दिन बाद 12 मई को नई दिल्ली में आयोजित तीनों सेनाओं की जॉइंट प्रेस ब्रीफिंग में की. एयर मार्शल ए.के भारती ने कहा, 'यह एक अलग तरह का युद्ध था और ऐसा होना तय था. भगवान न करे, लेकिन अगर आगे कोई और लड़ाई होती है, तो वह पिछले से बिल्कुल अलग होगी. यह एक बिल्ली और चूहे का खेल है और हमें अपने विरोधी को मात देने के लिए उससे हमेशा एक अदम आगे रहना होगा.'

भारत की तीनों सेनाओं ने जॉइंट प्रेस ब्रीफिंग में पाकिस्तान को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर उसने दोबारा कोई दुस्साहस किया तो हम उस पर जब चाहे और जहां चाहे हमला कर सकते हैं. बता दें कि 7 मई को भारत ने ऑपरेशन सिंदूर की शुरुआत की थी, जिसमें 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले के जवाब में पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में 9 आतंकी शिविरों को निशाना बनाया गया था. इसके अगले दो दिन 8 और 9 मई की रात को पाकिस्तान ने ड्रोन और मिसाइलों से भारत पर हमला करने का असफल प्रयास किया. भारत ने अपने दमदार एयर डिफेंस सिस्टम के बलबूते न सिर्फ पाकिस्तान के हर हमले को नाकाम कर दिया, बल्कि दुश्मन के 11 एयरबेसों पर सटीक हमला करके उसे बैकफुट पर ला दिया. भारत के हमले इतने सटीक और प्रभावी थे कि पाकिस्तान को सीजफायर की गुहार लगानी पड़ी.