ट्रेन की चपेट में मां-बेटे सहित तीन लोगों की मौत
ट्रेन पकड़ने के दौरान हुआ हादसा
मुंगेर, मुंगेर में ट्रेन की चपेट में आने से मां-बेटे सहित तीन लोगों की मौत हो गई। मृतकों में दो महिलाएं हैं। मृतकों की पहचान मुंगेर जिले के बरियारपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत रतनपुर गांव निवासी राम रुचि देवी (65), पुत्र अमित कुमार (42) और उषा देवी (65) के रूप में की गई है। सभी बरियारपुर प्रखंड अंतर्गत रतनपुर गांव के रहने वाले हैं। घटना मालदा डिवीज़न अंतर्गत भागलपुर जमालपुर रेलखंड स्थित ऋषि कुंड हॉल्ट के पास गया हावड़ा एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आने से हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच में जुट गई है। घटना के बाद लगभग आधे घंटे तक रेल परिचालन प्रभावित रहा।
ट्रेन पकड़ने के दौरान हुआ हादसा
घटना के संबंध में परिजनों ने बताया कि सभी लोग ट्रेन पकड़ने के लिए ऋषिकुंड हॉल्ट पर खड़े थे। वे लोग जमालपुर से देवघर जाने वाली ट्रेन को पकड़ने के लिए आए हुए थे लेकिन विपरीत दिशा से गया हावड़ा एक्सप्रेस ट्रेन आ रही थी। ट्रेन की रफ्तार काफी तेज थी, जिसके चपेट में तीनों आ गये, जिससे तीनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना होने के बाद काफी देर तक शव क्षत- विक्षत स्थिति में रेलवे ट्रैक के किनारे पड़ा रहा। घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए।