PM Modi ने 11वीं बार लाल किले की प्राचीर से फहराया तिरंगा
कहा- 'आज मां भारती के दीवानों को नमन करने का पर्व'
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वतंत्रता दिवस पर लगातार 11वीं बार लाल किले की प्राचीर से तिरंगा फहराया है. तिरंगा फहराने के बाद प्रधानमंत्री ने लाल किले की प्राचीर से देश को संबोधित भी किया. देशवासियों से संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, ‘आज वो शुभ घड़ी है जब हम देश की आज़ादी के लिए मर मिटने वाले, अपना जीवन समर्पित करने वाले आज़ादी के दीवानों को नमन करने का ये पर्व है. ये देश उनका ऋणी है. ऐसे हर देशवासी के प्रति हम अपना श्रद्धा भाव व्यक्त करते हैं.’
लाल किला पहुंचने पर प्रधानमंत्री का स्वागत रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ और रक्षा सचिव गिरिधर अरमाने ने किया. रक्षा सचिव अरमाने ने दिल्ली क्षेत्र के जनरल ऑफिसर कमांडिंग (JOC) लेफ्टिनेंट जनरल भवनीश कुमार का प्रधानमंत्री से परिचय कराया. इसके बाद दिल्ली क्षेत्र के जीओसी मोदी को सलामी मंच पर ले गए, जहां संयुक्त अंतर-सेवा और दिल्ली पुलिस गार्ड ने प्रधानमंत्री को सामान्य सलामी दी. इसके बाद प्रधानमंत्री ने सलामी गारद का निरीक्षण किया.
प्रधानमंत्री के लिए सलामी गारद दल में थलसेना, नौसेना, वायु सेना और दिल्ली पुलिस से एक-एक अधिकारी और 24 कर्मी शामिल थे. इस वर्ष भारतीय नौसेना समन्वयकारी सेना है. सलामी गारद की कमान कमांडर अरुण कुमार मेहता ने संभाली. प्रधानमंत्री के गार्ड में सेना की टुकड़ी की कमान मेजर अर्जुन सिंह ने संभाली. नौसेना की टुकड़ी की कमान लेफ्टिनेंट कमांडर गुलिया भावेश एनके और वायु सेना की टुकड़ी की कमान स्क्वाड्रन लीडर अक्षरा उनियाल ने संभाली. दिल्ली पुलिस की टुकड़ी की कमान अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त अनुराग द्विवेदी ने संभाली.
सलामी गारद का निरीक्षण करने के बाद प्रधानमंत्री लाल किले की प्राचीर की ओर बढ़े, जहां उनका स्वागत रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, प्रमुख रक्षा अध्यक्ष जनरल अनिल चौहान, थल सेनाध्यक्ष जनरल उपेंद्र द्विवेदी, नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश के त्रिपाठी और वायु सेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल वी आर चौधरी ने किया. दिल्ली क्षेत्र के जीओसी प्रधानमंत्री को राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए प्राचीर पर मंच तक लेकर गए.