भिंड में भीषण सड़क हादसा
नेपाल से पुणे जा रही स्लीपर बस LPG सिलेंडर से भरे ट्रक से टकराई, महिला की मौत; 15 घायल
भिंड। मध्य प्रदेश के भिंड जिले में शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। नेपाल से महाराष्ट्र के पुणे जा रही एक स्लीपर बस गोहद क्षेत्र में LPG सिलेंडर से लदे ट्रक से टकरा गई। हादसा इतना जोरदार था कि बस के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए। दुर्घटना में नेपाल की रहने वाली एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 15 यात्री घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को रेस्क्यू कर गोहद सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां गंभीर रूप से घायल छह लोगों को ग्वालियर रेफर करने की तैयारी की जा रही है।
ओवरटेक के दौरान बस से भिड़ा ट्रक
जानकारी के मुताबिक, स्लीपर बस नेपाल के कैलाली क्षेत्र से यात्रियों को लेकर पुणे के लिए रवाना हुई थी। शुक्रवार सुबह इटावा के रास्ते बस भिंड पहुंची। यहां नेशनल हाईवे-719 पर गोहद चौराहा थाना क्षेत्र के बंजारे का पुरा के पास सामने से आ रहा LPG सिलेंडरों से भरा ट्रक हादसे का शिकार हो गया।
बताया जा रहा है कि ट्रक चालक आगे चल रहे एक डंपर को ओवरटेक करने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान ट्रक अनियंत्रित होकर सामने से आ रही स्लीपर बस से जा टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
बस में फंसे यात्रियों को ग्रामीणों ने निकाला
हादसे के बाद बस में चीख-पुकार मच गई। कई यात्री गंभीर रूप से घायल होकर बस के अंदर फंस गए। मौके से गुजर रहे राहगीरों और आसपास के ग्रामीणों ने तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी।
भिंड निवासी प्रत्यक्षदर्शी नवल सिंह ने बताया कि हादसा उनकी आंखों के सामने हुआ। उन्होंने कहा कि दुर्घटना के तुरंत बाद आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए और घायलों को बस से बाहर निकालने में जुट गए। घटनास्थल पर काफी खून बिखरा हुआ था। कुछ ही देर बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया।
'कई लोग घायल, ड्राइवर के दोनों पैर झुलसे'
हादसे में घायल नेपाल की रहने वाली कंचन चौधरी ने बताया कि वह नेपाल के कैलाली इलाके से पुणे जा रही थीं। बस में बड़ी संख्या में यात्री सवार थे, जिन्हें पुणे के नवली ब्रिज इलाके में जाना था। रास्ते में अचानक बस की ट्रक से टक्कर हो गई।
कंचन के मुताबिक, हादसे में कई यात्री घायल हुए हैं। उन्होंने बताया कि बस के ड्राइवर के दोनों पैर भी बुरी तरह झुलस गए हैं।
13 घायल नेपाल के, दो पुणे निवासी
गोहद चौराहा थाना प्रभारी रामनरेश यादव के मुताबिक, हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। दुर्घटना में कुल 15 लोगों के घायल होने की जानकारी है। इनमें 13 यात्री नेपाल के और दो पुणे के रहने वाले बताए गए हैं।
हादसे में जान गंवाने वाली महिला भी नेपाल की रहने वाली थी। पुलिस ने उसके परिजनों को नेपाली सीमा के माध्यम से घटना की सूचना दे दी है। गंभीर रूप से घायल छह यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए ग्वालियर रेफर किया जा रहा है।
फिलहाल पुलिस घायलों की पूरी सूची तैयार करने के साथ हादसे की जांच में जुटी है। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है।
देश
दुनिया
मनोरंजन
खेल
छत्तीसगढ
हरियाणा
दिल्ली
धार्मिक
व्यापार
टेक & ऑटो
शिक्षा
स्वास्थ्य
आंध्र प्रदेश
तेलंगाना
सिक्किम
ओड़िशा
झारखंड
असम
नागालैण्ड