उत्तर भारत में गर्मी मचाने वाली तांडव
इन राज्यों में हीटवेव की चेतावनी
उत्तर भारत में गर्मी का कहर बढ़ने वाला है। अगले सात दिनों में गर्मी का तांडव दिखने वाला है। उत्तर भारत में अधिकतम तापमान तीन से पांच डिग्री सेल्सियस तक बढ़ जाएगा। इसके अलावा, दक्षिण भारत के राज्यों में बारिश, आंधी तूफान व बिजली कड़कने की चेतावनी जारी की गई है। दो से छह अप्रैल के बीच दक्षिण भारत में भारी बारिश होगी। हीटवेव की बात करें तो सौराष्ट्र और कच्छ में अगले सात दिनों तक इसका कहर देखने को मिलेगा। वहीं, पश्चिमी राजस्थान में सात और आठ अप्रैल को हीटवेव चलने वाली है।
पिछले 24 घंटे के मौसम की बात करें तो मध्य प्रदेश, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, इंटीरियर कर्नाटक, तमिलनाडु में तेज हवाएं चलीं। वहीं, तमिलनाडु में भारी बरसात हुई। इसके अलावा, मध्य महाराष्ट्र में ओले गिरे। सौराष्ट्र और कच्छ में हीटवेव रिकॉर्ड की गई।
दक्षिण भारत की बात करें तो 2-6 अप्रैल के बीच आंधी तूफान, बिजली कड़कने का अलर्ट है। इसके अलावा, मध्य भारत, महाराष्ट्र, गंगीय पश्चिम बंगाल, झारखंड, ओडिशा में दो से चार अप्रैल के बीच बारिश होगी। मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा में दो अप्रैल, विदर्भ, उत्तरी इंटीरियर कर्नाटक में दो और तीन अप्रैल, पश्चिमी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, तेलंगाना, साउथ इंटीरियर कर्नाटक में तीन अप्रैल को ओले गिरेंगे। वहीं, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, तटीय इंटीरियर कर्नाटक में दो से पांच अप्रैल, केरल, माहे में दो से छह अप्रैल और उत्तरी इंटीरियर कर्नाटक के इलाकों में तीन अप्रैल को भारी बरसात होने जा रही है।
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि उत्तर पश्चिम भारत में अगले सात दिनों में अधिकतम तापमान में तीन से पांच डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने जा रही है। मध्य भारत में दो दिनों के बाद अधिकतम तापमान में दो से चार डिग्री की बढ़ोतरी होगी। वहीं, पश्चिमी भारत में तीन दिनों के बाद दो से तीन डिग्री पारा बढ़ जाएगा।
दिल्ली में वायु गुणवत्ता खराब की श्रेणी में दर्ज
दिल्ली में बुधवार को न्यूनतम तापमान 14.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के औसत से 4.6 डिग्री कम है। मौसम विभाग ने यह जानकारी दी। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने दिन में मुख्यत: आसमान साफ रहने का अनुमान जताया है। सुबह साढ़े आठ बजे सापेक्षिक आर्द्रता 50 प्रतिशत दर्ज की गई। आईएमडी ने कहा कि अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है। सुबह नौ बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 201 रहा जो 'खराब' की श्रेणी में आता है।