दिल्ली एक बार फिर बनी मोस्ट पॉलुटेड कैपिटल
दुनिया के 20 सबसे प्रदूषित शहरों में से 13 भारत के, देखें लिस्ट
नई दिल्ली, मंगलवार (11 मार्च) को प्रकाशित हुई एक रिपोर्ट के मुताबिक दुनिया के 20 सबसे प्रदूषित शहरों में से 13 शहर भारत के शामिल हैं. सबसे ज्यादा प्रदूषित शहर की बात की जाए तो इस लिस्ट में असम के बर्नीहाट का नाम सबसे ऊपर है. इस रिपोर्ट के मुताबिक भारत में वायु प्रदूषण के स्तर में वृद्धि के कारणों में वाहनों का धुआं, औद्योगिक इकाइयों से निकलने वाला धुआं और कूड़ा जलाने से निकलने वाला धुआं शामिल है.
स्विट्जरलैंड की वायु गुणवत्ता प्रौद्योगिकी कंपनी ‘आईक्यूएयर’ की विश्व वायु गुणवत्ता रिपोर्ट 2024 में कहा गया है कि दिल्ली वैश्विक स्तर पर सबसे प्रदूषित राजधानी शहर बना हुआ है, जबकि भारत 2024 में दुनिया का पांचवा सबसे प्रदूषित देश बन गया है जबकि साल 2023 में इस सूची में भारत तीसरे स्थान पर था.
दुनिया के टॉप प्रदूषित शहरों में से 13 भारत के
दुनिया के टॉप 20 प्रदूषित शहरों में से 13 भारत के हैं, जिसमें बर्नीहाट, दिल्ली, मुल्लानपुर (पंजाब), फरीदाबाद, लोनी, नई दिल्ली, गुरुग्राम, गंगानगर, ग्रेटर नोएडा, भिवाड़ी, मुजफ्फरनगर, हनुमानगढ़ और नोएडा शामिल है. कुल मिलाकर 35 फीसदी भारतीय शहरों में वार्षिक PM2.5 का स्तर WHO की सीमा 5 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर से 10 गुना अधिक है.
टॉप प्रदूषित शहरों की लिस्ट में 4 शहर पाकिस्तान के
पड़ोसी देश पाकिस्तान के चार शहर और चीन का एक शहर दुनिया के शीर्ष 20 प्रदूषित शहरों में शामिल हैं. इस रिपोर्ट में कहा गया है कि भारत में 2024 में पीएम 2.5 सांद्रता में सात प्रतिशत की गिरावट देखी गई, जो 2023 में 54.4 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर की तुलना में औसतन 50.6 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर है. दुनिया के 20 सबसे प्रदूषित शहरों में से 13 भारत में हैं.
108.3 माइक्रोग्राम तक पहुंचा प्रदूषण
दिल्ली में वायु प्रदूषण की स्थिति गंभीर है, वार्षिक औसत पीएम 2.5 की सांद्रता 2023 में 102.4 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर से बढ़कर 2024 में 108.3 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर हो गई है.
भारत के टॉप प्रदूषित शहर
दुनिया के शीर्ष 20 सबसे प्रदूषित शहरों में भारत में असम का शहर बर्नीहाट, दिल्ली, पंजाब का मुल्लांपुर, हरियाणा का फरीदाबाद, गुरुग्राम, उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले में लोनी, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, मुजफ्फरनगर, राजस्थान में गंगानगर, भिवाड़ी और हनुमानगढ़ शामिल हैं.