नई दिल्‍ली, इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आज शाम पूरी तरह से इमरजेंसी लगा दी गई. एयरपोर्ट पर फ्लाइट ऑपरेशन को भी पूरी तरह से बंद कर दिया गया है. लगभग 5:52 बजे दिल्ली से बेंगलुरु जाने वाली एयर इंडिया की उड़ान संख्‍या 807 के लिए पूरी तरह इमरजेंसी घोषित कर दी गई. एयर ट्रैफिक कंट्रोल को फ्लाइट के एसी यूनिट में आग लगने की सूचना मिली थी. विमान में 175 यात्री सवार थे. हालांकि उड़ान शाम लगभग 6.38 बजे सुरक्षित रूप से उतर गई. बाद में इस इमरजेंसी को हटा दिया गया.

एयरलाइन के एक अधिकारी ने पीटीआई-भाषा को बताया कि यात्रियों के लिए बेंगलुरु जाने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है. दिल्ली फायर सर्विस (DFS) के अधिकारियों ने कहा कि तीन दमकल गाड़ियों को काम पर लगाया गया है. डीएफएस अधिकारी ने कहा, “हमें शाम 6.15 बजे आईजीआई हवाईअड्डे से आग लगने की सूचना मिली. हमने तीन दमकल गाड़ियां भेजीं.”

यह घटना रविवार को ईमेल के जरिए दिल्ली हवाईअड्डे और राष्ट्रीय राजधानी के कई अस्पतालों को बम की धमकियों से निशाना बनाए जाने के कुछ दिनों बाद हुई है. दिल्ली फायर सर्विस के प्रमुख ने कहा कि इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर बम की धमकी के संबंध में शाम करीब छह बजकर 15 मिनट पर कॉल आई थी. “हमें शाम करीब 6.15 बजे आईजीआई हवाईअड्डे पर बम होने की धमकी के बारे में एक कॉल मिली. दमकल गाड़ियों को घटनास्थल पर भेजा गया है.

यह घटना हाल ही में दिल्ली और अहमदाबाद में इसी तरह की धमकियों के बाद हुई है. कुछ ही दिन पहले दिल्ली-एनसीआर के 130 से अधिक स्कूलों को एक जैसे ईमेल मिले थे, जिसमें स्‍कूलों को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी. धमकियों के कारण बड़े पैमाने पर दहशत फैल गई थी