CURATED BY – ARVIND SINGH PAWAIYA | CITYCHIEFNEWSकटनी, देश के सबसे बड़े रेलवे यार्ड न्यू कटनी जंक्शन स्थित कैरिज एंड बैगन डिपो के आरओएच शेड में दुर्घटनाओं का ग्राफ बढ़ता जा रहा है। जिम्मेदार अधिकारियों की मनमानी का नतीजा रेल कर्मचारियों को भोगना पड़ रहा है। कुछ दिन पहले आरओएच डिपो मेें जिम्मेदारों की लापरवाही के चलते एक घटना हो गई थी, इस घटना को ज्यादा दिन भी नहीं हुए आज रविवार की सुबह करीब साढ़े 9 बजे बड़ा हादसा हो गया। रेल सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक एनकेजे के कैरिज एंड बैगन आरओएच शेड में आज रविवार की सुबह 9.30 बजे क्रेन से बैगन को ऊपर की ओर उठाकर सुधार कार्य किया जाना था। इसी दौरान अचानक क्रेन की वायर टूट गई, जिससेे बड़ा हादसा हो गया। क्रेन की वायर टूटने से बैगन नीचे आकर गिरी। यह तो गनीमत रही कि उस समय वहां कर्मचारी नहीं था, अन्यथा बड़ी घटना होने से इंकार नहीं किया जा सकता था। अचानक हुई इस घटना से शेड सहित एनकेजे में हडक़म्प मच गया। घटना की सूचना मंडल एवं जोन के वरिष्ठ अधिकारियों को भी दी गई। इस घटना से एक बार फिर डिपो प्रबंधन के खिलाफ कर्मचारियों का आक्रोश देखने को मिल रहा है। कर्मचारियों का कहना है कि डीएमई के द्वारा सुपरवाइजरों एवं कर्मचारियों पर अनावश्यक दबाव बनाया जाता है, जबकि कार्य प्रारंभ होने के पहले क्रेन का मेंटेनेंस एम एंड पी के द्वारा करवाया जाता है। अब वो भी बंद करवा दिया गया है, जिससे आए दिन जोखिम की स्थिति बनी रहती है। इस घटना से कहीं न कहीं कर्मचारियों की सुरक्षा पर प्रश्नचिन्ह लगा दिया है।