क्या बदला जाएगा दरभंगा एयरपोर्ट का नाम?
जदयू के दिग्गज नेता ने रख दी मांग
पटना, जदयू के राज्यसभा सदस्य संजय झा ने शुक्रवार को राज्यसभा में शून्यकाल के दौरान बिहार के दरभंगा एयरपोर्ट का नाम कवि कोकिल विद्यापति हवाई अड्डा किए जाने की मांग की। उन्होंने कहा कि कवि कोकिल विद्यापति मैथिली और संस्कृत के प्रसिद्ध कवि और साहित्यकार थे। भारतीय साहित्य में उनके योगदान को देखते हुए दरभंगा एयरपोर्ट का नाम उनके नाम पर रखा जाना चाहिए।
देश के सबसे सफल एयरपोर्ट में एक
संजय झा ने कहा कि दरभंगा एयरपोर्ट उड़ान स्कीम के तहत देश का सबसे सफल एयरपोर्ट है। यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की परिकल्पना थी कि देश के छोटे शहरों में भी एयरपोर्ट का विकास किया जाए। आज बड़ी संख्या में यात्री उड़ान स्कीम के एयरपोर्ट से उड़ान भर रहे हैं।
केंद्रीय वित्त मंत्री ने इस बार के बजट में उड़ान स्कीम को दस साल और जारी रखते हुए इसके तहत देश के सौ और शहरों में उड़ान शुरू करने की घोषणा की। यह सराहनीय है।
2018 में बनी सहमति
संजय झा ने कहा कि वर्ष 2018 में दरभंगा एयरपोर्ट के शिलान्यास के समय केंद्रीय उड्डयन मंत्री तथा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बीच यह सहमति बन गई थी कि दरभंगा एयरपोर्ट का नाम कवि कोकिल विद्यापति के नाम पर होना चाहिए।
इस संबंध में 22 दिसंबर 2020 को तत्कालीन केंद्रीय उड्डयन मंत्री को पत्र लिखकर अनुरोध किया था। बिहार विधानसभा और विधान परिषद ने मार्च 2021 इस बारे में प्रस्ताव भी पारित किया था।