बिना दस्तावेज चला रहे थे ई-रिक्शा
यातायात पुलिस ने नियमों के उल्लंघन पर की चालानी कार्यवाही
CURATED BY – SUNIL YADAV | CITYCHIEFNEWS
कटनी, यातायात पुलिस द्वारा थाना प्रभारी राहुल पांडे के नेतृत्व में मिशन चौक पर ई-रिक्शा एवं आटो की सघन जांच की गई। इस दौरान एक सैकड़ा ई-रिक्शा वाहनों के खिलाफ कार्यवाही को अंजाम दिया गया। यातायात पुलिस की इस कार्यवाही से हडक़ंप की स्थिति निर्मित रही। यातायात थाना प्रभारी राहुल पांडे ने बताया कि पुलिस अधीक्षक अभिजीत कुमार रंजन द्वारा ई-रिक्शा चालकों पर अंकुश लगाने के निर्देश प्रदान किए गए हैं। जिस पर कार्यवाहियां की जा रही हैं। इसी क्रम में कल शाम मिशन चौक पर विशेष जांच की गई। जांच में बहुत से ई-रिक्शा चालक ऐसे मिले, जो कि बिना दस्तावेज के ही शहर में फर्राटा भर रहे थे। कई ई-रिक्शा चालकों के द्वारा यातायात नियमों की खुलेआम अवहेलना की जा रही थी। ऐसे सभी वाहन चालकों के खिलाफ कार्यवाही करते हुए उनसे जुर्माना वसूल किया गया। यातायात थाना प्रभारी श्री पांडे ने कहा कि ई रिक्शा चालकों के खिलाफ कार्यवाही का क्रम आगे भी जारी रखा जाएगा।