नई दिल्ली, राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में सोमवार सुबह हुई बारिश ने मौसम का रुख बदल दिया और लोगों को भीषण गर्मी से बड़ी राहत मिली। दिल्ली, गुरुग्राम सहित एनसीआर के कई इलाकों में सुबह-सुबह हुई बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे वातावरण सुहावना हो गया और उमस भरी गर्मी का असर कम महसूस किया गया।

बारिश की फुहारों के साथ दिन की शुरुआत होने से गर्मी के तेवर नरम पड़ गए। दिल्ली-गुरुग्राम समेत एनसीआर के विभिन्न क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। मौसम में आए इस बदलाव का असर तापमान पर भी दिखाई दिया, जो सामान्य स्तर से नीचे बना रहा। राहतभरे मौसम का आनंद लेने के लिए कई लोग घरों से बाहर निकलते नजर आए।

इसके विपरीत रविवार को राजधानी में तेज गर्मी ने लोगों को परेशान किया। बीते 24 घंटों के दौरान न्यूनतम तापमान में 4.8 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान में 2.9 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई थी। मौसम विभाग के अनुसार आगामी दिनों में फिर से तापमान बढ़ने और तेज धूप निकलने की संभावना बनी हुई है।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के आंकड़ों के मुताबिक रविवार को न्यूनतम तापमान 26.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.8 डिग्री सेल्सियस कम रहा। वहीं, अधिकतम तापमान 38.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 1.4 डिग्री सेल्सियस कम था। हालांकि, दिन के दौरान तापमान में तेजी से बढ़ोतरी देखी गई।

   अगले सात दिनों में फिर बढ़ेगा तापमान

मौसम विभाग के अनुसार सोमवार दोपहर से शाम के बीच 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी आंधी चल सकती है। कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी की भी संभावना जताई गई है। विभाग का अनुमान है कि 20 जून तक अधिकतम तापमान 41 से 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। ऐसे में बारिश से मिली राहत फिलहाल अस्थायी साबित हो सकती है और आने वाले दिनों में गर्मी फिर से लोगों की परेशानी बढ़ा सकती है।