'घरेलू मैदान को किला बनाना है'
पाकिस्तान पर बढ़त के बाद कप्तान रोस्टन चेज का बड़ा बयान
वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम इन दिनों शानदार लय में नजर आ रही है। हाल के मुकाबलों में टीम के प्रदर्शन में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिला है, जिससे कप्तान रोस्टन चेज भी काफी उत्साहित हैं। पाकिस्तान के खिलाफ टेस्ट सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल करने के बाद चेज ने साफ कहा कि उनका लक्ष्य घरेलू मैदानों को ऐसा 'अभेद किला' बनाना है, जहां किसी भी विरोधी टीम के लिए जीत दर्ज करना बेहद मुश्किल हो।
रविवार से वेस्टइंडीज और पाकिस्तान के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज का दूसरा और अंतिम मुकाबला खेला जाएगा। इससे पहले श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज जीतने वाली कैरेबियाई टीम ने पहले टेस्ट में पाकिस्तान को 90 रन से हराकर सीरीज में बढ़त बना ली है।
घरेलू परिस्थितियों का पूरा फायदा उठाना चाहते हैं
मैच से पहले मीडिया से बातचीत में रोस्टन चेज ने कहा कि टीम घरेलू मैदान पर मिल रहे नतीजों से संतुष्ट है, लेकिन वह इसे और मजबूत बनाना चाहते हैं।
उन्होंने कहा, "हम अपने घरेलू मैदानों को ऐसा किला बनाना चाहते हैं, जहां दूसरी टीमों के लिए हमें हराना बेहद कठिन हो। ये हमारी परिस्थितियां हैं और हम इन्हें अपने विरोधियों से बेहतर समझते हैं। इसलिए हमारा प्रयास है कि इन हालात का पूरा फायदा उठाया जाए। अभी तक हम इसमें सफल रहे हैं और दूसरे टेस्ट में भी इसी प्रदर्शन को दोहराना चाहते हैं।"
रणनीति के मुताबिक आगे बढ़ रही है टीम
चेज ने बताया कि पिछले वर्ष टीम प्रबंधन और खिलाड़ियों ने मिलकर लंबी रणनीति तैयार की थी, जिसका सकारात्मक परिणाम अब मैदान पर दिखाई दे रहा है।
उन्होंने कहा, "हमने तय किया था कि हमें किस दिशा में आगे बढ़ना है और फिलहाल हम उसी रास्ते पर हैं। हालांकि हमारा लक्ष्य लगातार बेहतर होना है। दूसरे टेस्ट में भी हम किसी तरह की ढिलाई नहीं बरतेंगे और अपनी तय प्रक्रियाओं पर अमल करते हुए जीत हासिल करने की कोशिश करेंगे।"
चोट से उबर रहे चेज, गेंदबाजी की उम्मीद
पहले टेस्ट में तर्जनी उंगली की चोट के कारण रोस्टन चेज ऑफ स्पिन गेंदबाजी नहीं कर पाए थे। दूसरे टेस्ट में स्पिन आक्रमण की जिम्मेदारी एक बार फिर बाएं हाथ के स्पिनर जोमेल वारिकन के कंधों पर रहेगी। टीम में जोशुआ बिशप भी मौजूद हैं, लेकिन चेज को उम्मीद है कि वह इस मुकाबले में गेंदबाजी के लिए पूरी तरह फिट हो जाएंगे।
उन्होंने कहा, "चोट में लगातार सुधार हो रहा है। मैंने अभ्यास के दौरान दो ओवर फेंके हैं। अभी थोड़ा दर्द है, लेकिन उम्मीद है कि रविवार तक मैं लगातार चार से पांच ओवर गेंदबाजी करने की स्थिति में पहुंच जाऊंगा।"
डब्ल्यूटीसी अंकतालिका में सुधार का मौका
पाकिस्तान का विदेशी सरजमीं पर खराब रिकॉर्ड भी वेस्टइंडीज के आत्मविश्वास को बढ़ा रहा है। पाकिस्तान को ऑस्ट्रेलिया, दक्षिण अफ्रीका, बांग्लादेश और अब वेस्टइंडीज दौरे पर मिलाकर लगातार आठ विदेशी टेस्ट मैचों में हार का सामना करना पड़ा है।
पोर्ट ऑफ स्पेन के क्वींस पार्क ओवल में खेले जाने वाले दूसरे टेस्ट में स्पिन गेंदबाजों की भूमिका अहम मानी जा रही है। यदि वेस्टइंडीज यह मुकाबला जीतने में सफल रहता है तो वह इंग्लैंड को पीछे छोड़ते हुए विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) की अंकतालिका में सातवें स्थान पर पहुंच जाएगा।
देश
दुनिया
मनोरंजन
खेल
छत्तीसगढ
हरियाणा
दिल्ली
धार्मिक
व्यापार
टेक & ऑटो
शिक्षा
स्वास्थ्य
आंध्र प्रदेश
तेलंगाना
सिक्किम
ओड़िशा
झारखंड
असम
नागालैण्ड