Curated by- BAGHWAN DAS BERAGI | CITYCHIEFNEWS

शाजापुर, शहर में नवरात्रि का पर्व चल रहा है और नवरात्रि के 9 दिनों के बाद शहर में दशहरा पर्व धूमधाम से मनाया जाएगा। जिसकी तैयारियां भी शुरू हो गई हैं। इस बार शहर में 61 फीट के रावण के पुतले का दहन किया जाएगा। इसके अलावा आकर्षक आतिशबाजी भी की जाएगी।

दशहरा उत्सव समिति के संयोजक गोविंद नायक ने बताया कि दशहरे पर्व की तैयारियां अंतिम चरण में है। उन्होंने बताया कि इस बार रावण के पुतले की ऊंचाई 61 फीट रहेगी तथा पुतले पर आकर्षक लाईटिंग की जाएगी और रावण के पुतले का काम भी स्टेडियम मैदान में किया जा रहा है। वहीं आतिशबाजी में भी इस बार कुछ परिवर्तन देखने को मिलेगा। जिसमें शहरवासियों को देखने में आनंद आएगा और उनका भरपूर मनोरंजन होगा। जिस तरह भगवान श्री राम ने रावण का वध किया था उसी तरह का अनुभव भी शहरवासियों को होगा।

रावण का वध करने कड़ाबीन के धमाके के साथ पहुंचेगे प्रभु श्री राम

रावण दहन के पूर्व निकलने वाली शोभायात्रा भी इस बार भव्य रूप में निकाली जाएगी। शाम 4 बजे श्री कृष्ण व्यायामशाला से शोभायात्रा शुरू होगी जिसमें प्रभु श्री राम, माता सीता, लक्ष्मण जी और हनुमान जी का रूप धरे कलाकार आकर्षण का केंद्र रहेंगे। शोभायात्रा के आगे कड़ाबीन (पटाखा तोप) के धमाके वातावरण को गूंजायमान करेंगे।