CURATED BY – CHANDAN KUMAR CHAUBEY | CITYCHIEFNEWS

वैशाली, वैशाली जिले में रविवार को कांवड़ यात्रा के दौरान बड़ा हादसा हो गया. कांवड़ यात्रा में शामिल एक डीजे ट्रॉली में करंट लगने से 9 लोगों की मौत हो गई. बताया जा रहा है कि भोले बाबा के भजनों पर झूमते हुए डीजे ट्रॉली पर सवार होकर ये कांवड़िए जा रहे थे, मगर अचानक डीजे ट्रॉली का एक हिस्सा हाई टेंशन वायर में सट गया. इसके बाद हाहाकार मच गया. हाजीपुर औधोगिक थाना क्षेत्र के सुल्तानपुर की घटना है.

बताया जा रहा है कि मरने वाले सभी कम उम्र के हैं. ये सभी डीजे ट्रॉली के ऊपर सवार हो कर पहलेजा घाट जा रहे थे. वहां से जल लेकर अपने गांव के मंदिर में जलाभिषेक करते लेकिन उससे पहले ही बड़ा हादसा हो गया. डीजे ट्रॉली जैसे ही सुल्तानपुर गांव से निकली वैसे ही ऊपर से गुजर रहे 11 हजार बोल्ट हाई टेंसन तार की चपेट में डीजे का हॉर्न सट गया और ट्रॉली में करंट आ गया. इससे ट्रॉली में आग भी लग गई और उसपर सवार सभी लोग जिंदा जल गए.
घटना के बाद मौके पर अफरा तफरी मच गई. इसके बाद ग्रामीणों ने बिजली विभाग को फोन कर लाइन कटवाई, तब तक 9 लोगों की मौत हो चुकी थी. बताया गया कि मरने वालों में चार सुल्तानपुर गांव के जबकि बाकी पांच नगर थाना क्षेत्र के जढूआ बढई टोला के रहने वाले थे. वहीं, घटना के बाद मौके पर एसडीएम, एसडीपीओ सहित भारी संख्या में पुलिस बल पहुंची लेकिन लोगों के आक्रोश को देखते हुए घंटों बाद लोगों को समझा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल लाया गया.