केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को जन आशीर्वाद रैली को करा संबोधित
राहुल गांधी पर साधा निशाना, कहा : कश्मीर में फिर से आतंकवाद लाना चाहती है कांग्रेस
बहल (भिवानी)। देश के गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को बहल के खेल ग्राउंड में भाजपा प्रत्याशी जेपी दलाल के पक्ष में अपनी पहली रैली कर सियासी सरगर्मियों को बढ़ा दिया। अमित शाह ने जहां जेपी दलाल का अपना मित्र बताकर उनका कद बढ़ाने का काम किया। वहीं उनको लोहारू से विधायक बनाने पर चंडीगढ़ में कद और बड़ा बनाने का वादा कर उनकी चुनावी राह को आसान करने का प्रयास किया।
अमित शाह ने कहा कि जिस तरह से जेपी दलाल ने नहरी पानी सहित खेती व किसान के लिए जो काम किया है उससे किसानी व खेती में खुशहाली आई है। उन्होंने गांवों के विकास के लिए लोहारू में सड़कों का जाल बिछाया है और अनेक ऐसे काम किए है जिससे हलके में खुशहाली आई है।
उन्होंने कहा कि रोहतक में लोग कहते हैं कि हुड्डा को चंडीगढ़ भेजो और मैं कहता हूं कि जेपी दलाल को विधायक बनाओ, भाजपा इसे बड़ा आदमी बनाएगी। अमित शाह ने अपने 23 मिनट के संबोधन में लोगों से सीधा जुड़ते नजर आए। उन्होंने जहां अपने भाषण की शुरुआत क्षेत्र के लोगों की आस्था के प्रतीक पहाड़ी माता के नमन से शुरू की। वहीं उन्होंने इस क्षेत्र के जवानों, किसानों और खिलाड़ियों की सराहना की।
उन्होंने पूर्व सीएम बंसीलाल परंपरागत गढ़ माने जाने वाले लोहारू में आकर स्व. बंसीलाल को नमन करते हुए याद कर उनके समर्थकों के दिलों में जगह बनाने का पूरा प्रयास किया। अमित शाह ने जहां कांग्रेस की अग्निवीर योजना के विरोध की निंदा करते इस योजना को युवाओं के हक में बताया। उन्होंने युवाओं को भाजपा से जोड़ने के लिए इस बात की गारंटी ली कि बेशक कुछ हो जाए लेेकिन भाजपा सरकार अग्निवीर में सेवा के उपरांत युवाओं को प्रदेश में नाैकरी देने का काम करेगी।
जेपी दलाल ने भेंट किया बाजरे की सीटों का गुलदस्ता
रैली के संयोजक व वित्त मंत्री जेपी दलाल ने अपने संबोधन में भाजपा को किसान हितैषी बताते हुए कहा कि जितना काम भाजपा ने किसानों के हित में किया है उतना किसी सरकार ने नहीं किया। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र की प्रमुख पैदावार बाजरे को बाजार में कोई नहीं पूछता था लेकिन अब मोदी जी की नीतियों की वजह से बड़े बड़े मॉल के अलावा दूसरे देशों में बाजरे की धूम मची है। उन्होंने गृह मंत्री अमित शाह को सम्मानस्वरूप बाजरे के सीटे से बना गुलदस्ता भेंट किया।