सब्जी मंडी के दरवाजे पर किसके संरक्षण में होती है अवैध वसूली, लोगों से आए दिन अभद्रता...
वाहन चालकों से लेते हैं दस रुपए, बदले में नहीं देते हैं कोई रसीद...
CURATED BY – UMESH KUSHWAHA | CITYCHIEFNEWS
सतना, स्मार्ट सिटी सतना में जंगलराज हावी होता जा रहा है, शायद यही वजह है कि जहां देखो वहीं लोगों से अवैध वसूली करने वालों का गिरोह काम कर रहा है। आखिर किसके संरक्षण में सतना शहर के भैंसाखाना क्षेत्र में संचालित सब्जी मंडी गेट पर वाहन चालकों से अवैध वसूली को अंजाम दिया जा रहा है। सबसे रोचक तथ्य यह है कि डंके की चोंट पर दस रुपए लेने वाले गुर्गे बदले में वाहन पार्किंग की कोई रसीद उपलब्ध नहीं करवाते हैं। जब कभी कोई इस अवैध वसूली को लेकर आवाज उठाता है तो वसूलीवाज गिरोह के सदस्य अभद्रता करने पर उतारू हो जाते हैं। आए दिन सब्जी मंडी गेट पर विवाद की घटनाएं अवैध वसूली के कारण सामने आती रहती है। मंडी परिसर के दो अलग-अलग हिस्सों में तैनात रहकर ठेकेदार के गुर्गे अवैध वसूली को मुकम्मल करते हैं। बताया जाता है कि सब्जी मंडी के दोनों गेट पर चार से पांच की संख्या में गुर्गे तैनात रहकर वसूली करते हैं। वाहन पार्किंग के नाम पर होने वाली अवैध वसूली इस बात का प्रमाण है कि सतना नगर निगम में कैसा रामराज्य चल रहा है? बताया जाता है कि सब्जी मंडी परिसर के अंदर सब्जियों की दुकान लगाने वाले लोगों से भी गैंग अवैध वसूली को मुकम्मल करती है। आखिर सतना नगर निगम में ऐसा कौन सा अधिकारी या फिर जनप्रतिनिधि है जिसके संरक्षण में सब्जी मंडी में लोगों से अवैध वसूली को सफल बनाया जा रहा है।