दही पुलिस ने लखनऊ बाईपास स्थित पुल के नीचे से दो अंतर जनपदीय चरस तस्करों को गिरफ्तार किया है। दोनों के पास से 4.630 किलोग्राम चरस बरामद हुई है। एसपी के अनुसार, इसकी कीमत करीब 23 लाख रुपये है। दोनों पर कानपुर के अलग-अलग थानों में रिपोर्ट दर्ज है।

एसपी दीपक भूकर ने प्रेसवार्ता में बताया कि दही थाना पुलिस और स्वाट टीम को 17 फरवरी की रात बाराबंकी से चरस के साथ दो युवकों के बस में बैठने और उन्नाव में लखनऊ बाईपास स्थित पुल के नीचे उतरने की सूचना मिली। जिस बस में दोनों के बैठने की बात बताई गई, उसका बनी पुल से पुलिस ने उसका पीछा किया। कुछ पुलिस कर्मी पहले से पुल के नीचे सादे कपड़ों में मौजूद थे। देर शाम जैसे ही बस स्पोर्ट्स स्टेडियम के पास पहुंची, दोनों युवक थैला लिए उतरे और पैदल पुल के नीचे पहुंचे। पहले से मौजूद पुलिस कर्मियों ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया।


पूछताछ में अपना नाम-पता रशीद अहमद उर्फ छोटू निवासी फेज-टू कांशीराम कॉलोनी थाना चकेरी कानपुर और दूसरे ने मो. अली निवासी 99/234 नाला रोड कंघीमोहाल थाना बजरिया कानपुर नगर बताया। दो झोलों में उनके पास से 4.630 किलोग्राम चरस बरामद हुई। चरस 200-200 ग्राम के पैकेट में थी। आरोपियों ने बताया कि वह लोग कानपुर और उन्नाव में चरस बेचते हैं। एक किलो चरस की कीमत करीब पांच लाख है। एसपी दीपक भूकर ने बताया कि दोनों शातिर अपराधी हैं।

राशिद पर कानपुर के नौबस्ता थाने में आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज हैं। दूसरे आरोपी मो. अली पर कानपुर के चमनगंज थाने में एनडीपीएस के दो मामले दर्ज हैं। एसपी ने गिरफ्तार करने वाली टीम को 25 हजार रुपये इनाम की घोषणा की है।