शिमला, हिमाचल प्रदेश के जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति में शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसे में 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उदयपुर थाना क्षेत्र के कढ़ूनाला-राहौली मार्ग पर उस समय हुआ, जब पहाड़ी से अचानक एक विशाल चट्टान टूटकर गुजर रही टाटा सूमो पर आ गिरी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और अधिकांश यात्रियों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

कुल्लू से पांगी जा रही थी टैक्सी

जानकारी के अनुसार, टाटा सूमो (HP-01M-2210) कुल्लू से चंबा जिले के पांगी क्षेत्र की ओर जा रही थी। टैक्सी के रूप में संचालित इस वाहन में चालक बीर सिंह सहित कुल 15 लोग सवार थे। जैसे ही वाहन कढ़ूनाला के पास राहौली क्षेत्र में पहुंचा, अचानक पहाड़ी का एक बड़ा हिस्सा टूटकर नीचे आ गिरा और विशाल चट्टान सीधे वाहन पर आ गिरी। हादसे में वाहन बुरी तरह दब गया।

राहत-बचाव अभियान तत्काल शुरू

दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन, सीमा सड़क संगठन (BRO) और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। संयुक्त राहत एवं बचाव अभियान चलाकर घायलों को बाहर निकाला गया और उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। अधिकारियों ने बताया कि मृतकों की पहचान की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।

पांगी क्षेत्र के रहने वाले थे मृतक

लाहौल-स्पीति की उपायुक्त किरण भड़ाना ने बताया कि हादसे में 13 लोगों की मौत हुई है, जबकि दो लोगों को सुरक्षित निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने बताया कि दुर्घटना चंबा के पांगी और लाहौल-स्पीति की सीमा के निकट हुई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सभी मृतक चंबा जिले के पांगी क्षेत्र के निवासी थे। तिंदी पुलिस चौकी और उदयपुर थाना पुलिस मौके पर आवश्यक कार्रवाई में जुटी हुई है।

बारिश से जुड़े हादसों में मृतकों का आंकड़ा 88 पहुंचा

प्रदेश में 30 जून से सक्रिय मानसून लगातार कहर बरपा रहा है। इस हादसे से पहले बारिश और भूस्खलन से जुड़े हादसों में 75 लोगों की मौत हो चुकी थी। लाहौल-स्पीति की इस दुर्घटना के बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 88 हो गई है।

मौसम विभाग ने 27 से 29 जुलाई तक हिमाचल प्रदेश के कई जिलों में अत्यधिक बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।