हिमाचल के चंबा में दर्दनाक हादसा
गहरी खाई में गिरी ऑल्टो कार, चार लोगों की मौत
चंबा। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के चुराह उपमंडल में शनिवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। नकरोड़-हिमगिरि डैम साइड सड़क पर एक ऑल्टो के-10 कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भयावह था कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार सभी लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, एचपी44ए-0494 नंबर की ऑल्टो कार बैरासियूल नदी के समीप गहरी खाई में गिर गई। दुर्घटना के बाद वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और मृतकों के शव घटनास्थल के आसपास दूर-दूर तक बिखरे मिले। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कार में सवार सभी लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
शादी समारोह से लौट रहे थे सभी सवार
पुलिस के अनुसार, कार में सवार सभी लोग एक शादी समारोह में शामिल होकर अपने घर लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया। दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए। इसके बाद पुलिस और अग्निशमन विभाग को सूचना दी गई।
मृतकों की हुई पहचान
प्रशासन ने हादसे में जान गंवाने वाले चारों लोगों की पहचान कर ली है। मृतकों में शामिल हैं—
शुकरदीन (52), पुत्र शक मोहम्मद, निवासी गांव करमुंड, डाकघर टिकरीगढ़, तहसील चुराह, जिला चंबा।
सलमान (25), पुत्र ताज मोहम्मद, निवासी गांव करमुंड, डाकघर टिकरीगढ़, तहसील चुराह, जिला चंबा।
ताशी उर्फ बिट्टू (41), पुत्र किशन चंद, निवासी गांव करमुंड, डाकघर टिकरीगढ़, तहसील चुराह, जिला चंबा।
संजू (22), पुत्र खेम राज, निवासी गांव करमुंड, डाकघर टिकरीगढ़, तहसील चुराह, जिला चंबा।
पुलिस और प्रशासन ने शुरू की जांच
घटना की जानकारी मिलते ही एसएचओ तीसा के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके के लिए रवाना की गई। पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस, अग्निशमन विभाग और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य चलाया गया तथा शवों को बाहर निकालकर कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
उन्होंने कहा कि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर वाहन के अनियंत्रित होकर खाई में गिरने की बात सामने आई है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल
एक ही गांव के चार लोगों की मौत से करमुंड और आसपास के इलाकों में गहरा शोक व्याप्त है। इस हृदयविदारक हादसे ने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया है और स्थानीय लोगों में मातम का माहौल है।
देश
दुनिया
मनोरंजन
खेल
छत्तीसगढ
हरियाणा
दिल्ली
धार्मिक
व्यापार
टेक & ऑटो
शिक्षा
स्वास्थ्य
आंध्र प्रदेश
तेलंगाना
सिक्किम
ओड़िशा
झारखंड
असम
नागालैण्ड