मोहर्रम जुलूस में दर्दनाक हादसा
हाईटेंशन लाइन से ताजिया टकराने पर तीन की मौत, कई घायल; बिजली कर्मचारी निलंबित
रतलाम, जिले के पिपलौदा थाना क्षेत्र स्थित ग्राम हतनारा में गुरुवार रात मोहर्रम जुलूस के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। ताजिया हाईटेंशन बिजली लाइन के संपर्क में आने से करंट फैल गया, जिसकी चपेट में आने से तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 15 लोग झुलस गए और कई अन्य घायल हो गए। घायलों का उपचार रतलाम मेडिकल कॉलेज, जिला अस्पताल और निजी अस्पतालों में जारी है।
ताजिया हाईटेंशन लाइन से टकराया, मच गई अफरा-तफरी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रात करीब साढ़े दस बजे ग्राम हतनारा में मोहर्रम के अवसर पर ताजियों का जुलूस निकाला जा रहा था। ताजिया उठाकर चल रहे लोग मेवाती मोहल्ले से गुजर रहे थे, तभी वह करीब 15 फीट ऊंचाई पर गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन के संपर्क में आ गया।
हाईटेंशन तार से स्पर्श होते ही पूरे ताजिए में करंट फैल गया, जिससे उसके आसपास मौजूद लोग इसकी चपेट में आ गए। कई लोग झुलसकर जमीन पर गिर पड़े, जबकि भगदड़ और आपाधापी में कुछ अन्य लोग एक-दूसरे के ऊपर गिरने से घायल हो गए।
तीन लोगों की मौत, कई का इलाज जारी
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल घायलों को निजी वाहनों की मदद से जिला अस्पताल और मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। उपचार के दौरान 32 वर्षीय राशिद खान पुत्र वाहिद खान और 40 वर्षीय सड्डू पुत्र मोहम्मद हुसैन, दोनों निवासी ग्राम हतनारा, को मृत घोषित कर दिया गया। बाद में 25 वर्षीय अबरार की भी मौत हो गई।
अधिकारियों के अनुसार, कई घायलों की हालत अब स्थिर है और चिकित्सकों ने कुछ मरीजों को खतरे से बाहर बताया है।
पुलिस और जनप्रतिनिधि पहुंचे अस्पताल
घटना की सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) राकेश पंद्रो और सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया मेडिकल कॉलेज पहुंचे तथा पीड़ितों और परिजनों से घटना की जानकारी ली। कांग्रेस नेता एवं जिला पंचायत सदस्य डीपी धाकड़ ने भी अस्पताल पहुंचकर घायलों के उपचार में सहयोग किया।
घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें हादसे के बाद लोग घायलों को संभालते और अस्पताल पहुंचाने की कोशिश करते दिखाई दे रहे हैं।
इन घायलों का चल रहा उपचार
हादसे में घायल अख्तियार खान, अनस, शकील मंसूरी, रईस खान, मोहम्मद खान, वाहिद खान, अरबाज खान, इब्राहिम, इरफान, फारूख और रहीम सहित अन्य लोगों का उपचार मेडिकल कॉलेज, जिला अस्पताल और निजी अस्पतालों में जारी है। अधिकांश घायल ग्राम हतनारा के निवासी हैं, जबकि कुछ अन्य आसपास के क्षेत्रों से संबंधित हैं।
प्रत्यक्षदर्शी ने बताई हादसे की पूरी घटना
प्रत्यक्षदर्शी सुल्तान खान ने बताया कि वह अपने मामा अख्तियार खान के यहां ताजिया देखने हतनारा आया था और जुलूस के साथ चल रहा था। उनके मुताबिक, जैसे ही ताजिया लेकर लोग आगे बढ़े, वह हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आ गया और कुछ ही क्षणों में करंट पूरे ढांचे में फैल गया।
एएसपी राकेश पंद्रो ने पुष्टि करते हुए बताया कि हादसे में तीन लोगों की मौत हुई है, जबकि कई घायलों का उपचार विभिन्न अस्पतालों में जारी है।
लापरवाही के आरोप में लाइनमैन निलंबित
हादसे के बाद बिजली कंपनी ने कार्रवाई करते हुए लाइनमैन घनश्याम गिर को निलंबित कर दिया है। कार्यपालन अभियंता द्वारा जारी आदेश के अनुसार, मोहर्रम जुलूस के दौरान उन्हें शिकायत निवारण केंद्र हतनारा में उपस्थित रहना था, लेकिन ड्यूटी में लापरवाही बरतने के आरोप में उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर जावरा मुख्यालय अटैच किया गया है।
इसके अलावा लाइनमैन समरथ मकवाना और श्रमिक गोबीलाल को भी कार्य में लापरवाही के आरोप में सेवा से पृथक करने के आदेश जारी किए गए हैं।
प्रशासन ने घटना की विस्तृत जांच शुरू कर दी है, ताकि हादसे के कारणों और जिम्मेदारियों का निर्धारण किया जा सके।
देश
दुनिया
मनोरंजन
खेल
छत्तीसगढ
हरियाणा
दिल्ली
धार्मिक
व्यापार
टेक & ऑटो
शिक्षा
स्वास्थ्य
आंध्र प्रदेश
तेलंगाना
सिक्किम
ओड़िशा
झारखंड
असम
नागालैण्ड