CURATED BY – CHANDAN KUMAR CHAUBEY | CITYCHIEFNEWS

पटना, राजधानी समेत प्रदेश में मानसून की गतिविधि में तेजी आने के कारण सभी जिलों में वर्षा का प्रभाव बना हुआ है।
मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार, गंगेय पश्चिम बंगाल व उससे सटे बांग्लादेशके आसपास गहरा दबाव बना हुआ है। अगले 24 घंटों के दौरान झारखंड व छत्तीसगढ़ के आसपास बढ़ने की संभावना है।

इसके कारण दक्षिणी भागों में बादलों की गति में वृद्धि होने के कारण पटना सहित रोहतास, कैमूर, जहानाबाद, नालंदा, मुुंगेर व भागलपुर में भारी वर्षा जबकि जमुई, नवादा, गया, औरंगाबाद, अरवल व बांका में गरज-तड़क के साथ अति भारी वर्षा को लेकर औरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम में बदलाव को देखते हुए लोगों को सर्तक रहने के साथ पशुओं की देखभाल करने की सलाह दी गई है। दो दिनों के दौरान तापमान में दो से तीन डिग्री गिरावट की संभावना है। दो दिनों तक प्रदेश में वर्षा का प्रभाव बना रहेगा।

शनिवार को पटना सहित आसपास इलाकों में सुबह से छिटपुट वर्षा व बेगूसराय, मधुबनी, नालंदा, मुंगेर, जमुई और समस्तीपुर समेत अन्य भागों में तेज हवा के साथ वर्षा होने से मौसम सामान्य बना रहा। बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अलग-अलग भागों में वर्षा दर्ज की गई।

खगड़िया के बेलदौर में सर्वाधिक वर्षा 91.4 मिमी दर्ज किया गया। माैसम विभाग के अनुसार प्रदेश में अभी भी सामान्य से 28 फीसद कम वर्षा दर्ज हुई है। मौसम में आए बदलाव के कारण पटना सहित कई जिलों के तापमान में गिरावट दर्ज की गई।

शनिवार को पटना के अधिकतम तापमान में 3.3 डिग्री गिरावट के साथ 29.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि, 35.0 डिग्री सेल्सियस के साथ सिवान के जीरादेई में सर्वाधिक तापमान दर्ज किया गया। राजधानी में 4.1 मिमी, भागलपुर में 33.0 मिमी, दरभंगा में 44.2 मिमी, नवादा में 53.5 मिमी वर्षा शनिवार को दर्ज हुई।

इन जगहों पर दर्ज हुई वर्षा
जमुई के खैरा में 89.0 मिमी, लखीसराय में 80.0 मिमी, औरंगाबाद के नवीनगर में 78.2 मिमी, जमुई में 75.8 मिमी, खगड़िया के गोगरी में 70.2 मिमी, बेगूसराय में 64.8 मिमी, लखीसराय के चानन में 58.4 मिमी, कटिहार के कुरसेला में 52.6 मिमी, खगड़िया के परबत्ता में 52.4 मिमी, नवादा के रोह में 51.3 मिमी, मधेपुरा के चौसा में 48.6 मिमी, कटिहार के अमदाबाद में 47.6 मिमी, समस्तीपुर के हसनपुर में 46.4 मिमी, शेखपुरा के बरबिगहा में 46.2 मिमी वर्षा दर्ज की गई।

प्रमुख शहरों का तापमान
शहर अधिकतम न्यूनतम
पटना 29.5 27.8
गया 29.7 26.8
भागलपुर 30.0 25.8
मुजफ्फरपुर 30.0 27.6