शाजापुर. विधानसभा चुनाव के लिए होने वाले मतदान में कुछ ही घंटे शेष हैं। शुक्रवार को सुबह 7 बजे से जिले भर के 6.88 लाख से अधिक मतदाता अपने मन के राज ईवीएम मशीन में बंद करेंगे। जिसका फैसला 3 दिसंबर को मतगणना के दिन होगा कि इस बार ऊंट किस करवट बैठेगा।

विधानसभा चुनाव को लेकर जिला निर्वाचन आयोग की तैयारियां जोरों पर हैं। मतदान के एक दिन पहले दलों को मतदान सामग्री का वितरण किया गया। इसके लिए बूथ वार बैठने की व्यवस्था की गई है। व्यवस्था ऐसी है कि दल आराम से सामग्री लेकर रवाना हुए। आज सुबह से आईटीआई स्टेडियम में मतदान दलों को ईवीएम मशीन सहित अन्य सामग्री का वितरण किया गया। विधानसभावार प्रवेश की व्यवस्था की गई है। तो हर विधानसभा को एक रंग दिया गया है।  कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी किशोर कन्याल ने बताया कि शाजापुर जिले की तीनों विधानसभा सीटों पर 835 मतदान केन्द्र हैं, जिनमे 245 मतदान केन्द्र क्रिटिकल श्रेणी में रखे गये हैं। पुलिस विभाग द्वारा निर्वाचन के अनुरूप संपूर्ण तैयारियां की जा रही है। मतदान केन्द्रों के लिये पर्याप्त मात्रा में बल लगाया गया है और अवैध रूप से कार्य करने वालो के विरूद्ध सख्ती से कार्रवाई होगी।

कहां कितने मतदाता

जिले के कुल मतदाताओं की बात करें तो विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 167-शाजापुर में 244208 मतदाता हैं, जिसमें 125429 पुरूष, 118770 महिला एवं 9 अन्य मतदाता शामिल हैं। इसी तरह 168-शुजालपुर में 217561 मतदाता है, जिसमें 111960 पुरूष, 105601 महिला मतदाता शामिल हैं। 169-कालापीपल में 227227 मतदाता हैं, जिसमें 117468 पुरूष, 109758 महिला तथा 01 अन्य मतदाता शामिल है। विधानसभा क्षेत्र शाजापुर का जेन्डर रेशों 947, शुजालपुर का 983 तथा कालापीपल का 934 है। जिले में कुल 835 मतदान केन्द्र हैं, जिसमें शाजापुर विधानसभा क्षेत्र में 308, शुजालपुर में 262 एवं कालापीपल में 265 मतदान केन्द्र हैं।

इनके बीच होगा मुकाबला

विधानसभा क्षेत्र शाजापुर में सात बार चुनाव लड़ चुके हुकुमसिंह कराड़ा पर पार्टी ने भरोसा जताते हुए उन्हें मैदान में उतारा है। तो भाजपा ने तीसरी बार कराड़ा के सामने पूर्व विधायक अरूण भीमावद को अपना प्रत्याशी बनाया है। जो एक बार शाजापुर से कांग्रेस का किला ढहा चुके हैं जिनसे इस बार भी पार्टी ने यही उम्मीद लगाई है। शुजालपुर विधानसभा की बात करें तो यहां भाजपा ने दिग्गज इंदरसिंह परमार को मैदान में उतारा है, जिनके सामने कांग्रेस ने रामवीरसिंह सिकरवार को मौका दिया है। हालांकि पिछली बार सिकरवार इन्हीं के सामने मामूली अंतर से चुनाव हार चुके हैं, लेकिन उसके बाद से उन्होंने शुजालपुर में डेरा डाल रखा है। कालापीपल विधानसभा की बात करें तो यहां 2018 में कांग्रेस को जीत दिलाने वाले कुणाल चौधरी एक बार फिर मैदान में है, जिनके सामने घनश्याम चंद्रवंशी मैदान में है। अब मतदाता किसे अपने मत का दान करते हैं और किसे नकारते हैं इसका फैसला आज ईवीएम मशीनों में बंद हो जाएगा।

कलेक्टर-एसपी ने की मतदाताओं से अपील

सभी मतदाताओं से अपील है कि वे सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक अपने-अपने मतदान केंद्रों पर जाकर अपने मत का उपयोग जरूर करें। विधानसभा निर्वाचन पांच साल में एक बार आते हैं। इसलिए मतदान करने अवश्य जाएं। यह आपका अधिकार भी है और कर्तव्य भी।

किशोर कन्याल, कलेक्टर-शाजापुर

सभी मतदाताओं से अपील है कि वे निर्भिक होकर मतदान करें। किसी के दबाव में आकर अपने मत का उपयोग न करें। निष्पक्ष और स्वतंत्र रूप से मतदान करें।
- यशपालसिंह राजपूत, एसपी-शाजापुर