CURATED BY – BHAGWAN DAS BERAGI | CITYCHIEFNEWS

शाजापुर, भादव माह के पहले सोमवार को महादेव के तीन स्वरूप शाही ठाठ-बाट से भक्तों को दर्शन देने नगर भ्रमण पर निकले। शाम करीब 5.30 बजे ओंकारेश्वर महादेव रथ में सवार होकर शाही अंदाज में भक्तों के हाल-चाल जानने मंदिर से निकले। वहीं सोमवारिया बाजार स्थित सोमेश्वर तथा तालाब की पाल स्थित जयेश्वर महादेव की शाही सवारी पूजन के बाद रवाना हुई। सुमधुर धुनों पर नाचते-थिरकते भक्तों की टोली के साथ-साथ जब नगर के तीन अलग-अलग क्षेत्रों से सवारी निकली तो सारा शहर मानों भोले की भक्ति में रम गया हो, लोग सडक़ों पर बाबा की झलक पाने को आतुर दिखाई दिए। शाही सवारी में आकर्षक झांकी के साथ दूर-दराज से आए बेन्ड ने भी खूब सराहना बटोरी। नगर के सभी प्रमुख मार्गों से होती हुई सवारी देररात मंदिर पहुंची। उल्लेखनीय है कि परंपरानुसार भादव मास के पहले सोमवार को भक्तों को दर्शन देने तीन-तीन महादेव जब नगर के  विभिन मार्गों से गुजरे तो सारी गलियां और सडक़ें भोले के भक्तों से भरी हुई नजर आईं। ओंकारेश्वर महादेव मंदिर से निकली महादेव की शाही सवारी भक्तिमय धुनों पर धानमंडी से वजीरपुरा, भावसार मोहल्ला, लालपुरा, महादेव घाट, मगरिया चौराहा, सोमवारिया बाजार, आजाद चौक, किलारोड़ होते हुए देररात मंदिर पहुंची, जहां बाबा की महाआरती कर प्रसादी का वितरण किया गया। इसी प्रकार जयेश्वर मंदिर से निकलने वाली शाही सवारी कसेरा बाजार, आजाद चौक, नई सडक़, बस स्टैंड, टेंशन चौराहा, मगरिया से सोमवारिया होते हुए देररात मंदिर पहुंची। वहीं दूसरी ओर सोमेश्वर मंदिर से निकली शाही सवारी सोमवारिया से लालपुरा, मगरिया, सोमवारिया बाजार, आजाद चौक, किला रोड, धान मंडी, वजीरपुरा होते हुए मंदिर पहुंची। मंदिर पहुुंचने पर महादेव की महाआरती कर प्रसादी का वितरण किया गया।