31 साल की महिला भयानक पेट दर्द और ज्यादा रक्तस्राव से परेशान थी. वह डाक्टर के पास जांच के लिए पहुंची तो रिपोर्ट में जो सामने आया वह बेहद चौंकाने वाला रहा. महिला के शरीर में 5 अतिरिक्त अंग मिले हैं. अब डॉक्टरों ने ऑपरेशन करके इसमें से ज्यादातर अंगों को निकाल दिया है. ताकि महिला सामान्य जीवन जी सके.

कौन-कौन से हैं एक्स्ट्रा अंग
द सन की रिपोर्ट के मुताबिक 31 साल की इस महिला का नाम है मेल प्लाकानिका (Mel Placanica). उन्हें कई स्वास्थ्य समस्याओं का सामना करना पड़ रहा था. जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे बताया कि उसके शरीर में दो योनियां हैं. फिर गहन परीक्षणों से पता चला कि दो गर्भाशय (uteruses), चार अंडाशय (ovaries), दो गर्भाशय ग्रीवा (cervixes) और तीन गुर्दे (kidneys) थे – कुल पांच अतिरिक्त अंग.

क्या बोलीं मेल
दक्षिण ऑस्ट्रेलिया के एडिलेड की रहने वाली मेल ने कहा: “मुझे भयानक पेट दर्द हो रहा था, बिल्कुल ऐसा जैसा कि मैंने अपने जीवन में कभी महसूस नहीं किया था. मेरी मां मुझे ईडी अस्पताल ले गईं और उन्होंने तुरंत स्कैन किया, और उन्होंने एक गर्भाशय और उसके बगल में एक गांठ जैसी आकृति देखी. इसलिए उन्होंने अपने आप ही सोचा कि यह एक ट्यूमर है.” स्कैन के बाद, डॉक्टरों को भी लगा कि उन्हें उसके गर्भाशय में एक ट्यूमर मिला है.

फिर उसका उसका लेप्रोस्कोपी स्कैन किया गया. स्कैन से ऐसे परिणाम सामने आए, जिसने मेल को चौंका दिया. स्कैन में उसके पेट पर ध्यान केंद्रित किया गया, जिससे पता चला कि उसके शरीर के बहुत से अंग अतिरिक्त हैं. कुछ ही समय बाद, कुछ अंग निकाल दिए गए. मेल का एक गर्भाशय निकाल दिया गया, दो अंडाशय निकाल दिए गए, जबकि दो गर्भाशय ग्रीवा को विभाजित करके उन्हें केवल एक अंग में बदल दिया गया.

क्या होता है यूटेरस डिडेलफिस
यूटेरस डिडेलफिस एक दुर्लभ जन्मजात स्थिति है, जिसमें आप दो गर्भाशयों के साथ पैदा होते हैं. इसे आमतौर पर डबल यूटेरस कहा जाता है. प्रत्येक गर्भाशय की अपनी फैलोपियन ट्यूब और अंडाशय होता है. कुछ लोगों में दो गर्भाशय ग्रीवा और दो योनि भी हो सकती हैं. यह गर्भ जटिलताओं और दर्दनाक मासिक धर्म का कारण बन सकता है.