सरकारों द्वारा अन्नदाता किसानों पर बल प्रयोग करना निंदनीय :- भगत सिंह वर्मा
भाजपा की केंद्र और प्रदेश सरकार किसान विरोधी :- भगत सिंह वर्मा
CURATED BY – GAURAV SINGHAL | CITYCHIEFNEWS
सहारनपुर । देवबंद, ग्राम मानकी में किसानों की एक बैठक को संबोधित करते हुए भारतीय किसान यूनियन वर्मा व पश्चिम प्रदेश मुक्ति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष भगत सिंह वर्मा ने कहा कि भाजपा की केंद्र और प्रदेश सरकार किसान विरोधी कार्य कर रही है। किसानों को उनकी फसलों का लाभकारी मूल्य तो दूर लागत मूल्य भी सरकार नहीं दिला पा रही है। जिसके कारण देश के अन्नदाता किसान कर्जबंद होकर आत्महत्या कर रहे हैं। अन्नदाता किसान अपनी मांगों को मनवाने के लिए दिल्ली जाना चाहते हैं तो उन्हें लाठीचार्ज और बल प्रयोग करके दिल्ली जाने से रोका जाता है। भगत सिंह वर्मा ने कहा कि देश के अन्नदाता किसान दिल्ली एमएसपी को गारंटी कानून बनवाने, किसानों को उनकी फसलों का लाभकारी मूल्य दिलाने, किसान आयोग का गठन कराने, बुजुर्ग किसानों को ₹10000 प्रति माह वृद्धावस्था पेंशन दिलाने, किसानों को नि:शुल्क बिजली दिलाने, गन्ने का लाभकारी मूल्य ₹ 700 कुंतल दिलाने, चीनी मिलों से बकाया गन्ना भुगतान व ब्याज तुरंत दिलाने, किसानों के सभी कर्ज समाप्त करने के लिए दिल्ली जाना चाहते हैं। किसान दिल्ली जाकर सत्ता में भागीदारी नहीं चाहते हैं उन्हें तो अपनी समस्याओं का हल चाहिए। भगत सिंह वर्मा ने कहा कि देश और प्रदेशों में शांतिपूर्ण आंदोलन चला रहे अन्नदाता किसानों पर लाठी चार्ज और बल प्रयोग करना निंदनीय है और सरासर अन्याय है। किसानों की उन्नति से ही देश की उन्नति संभव है। भाजपा की केंद्र और प्रदेश सरकार लगातार किसान विरोधी कार्य कर रही है। जिसे देश के अन्नदाता किसान किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेंगे। बैठक की अध्यक्षता वाहिद अली मुन्ना ने की और संचालन भारतीय किसान यूनियन वर्मा के प्रदेश महामंत्री आसिम मलिक ने किया। बैठक में प्रदेश सचिव मास्टर रईस अहमद, मंडल उपाध्यक्ष कृपाल सिंह, जिला उपाध्यक्ष वसीम जहीरपुर, जिला मंत्री महबूब हसन, जिला संगठन मंत्री सुरेंद्र सिंह एडवोकेट, मोहम्मद जाहिद, मोहम्मद शाहिद, पूर्व जिला पंचायत सदस्य सुधीर चौधरी, अरविंद चौधरी, हरपाल सिंह, मोहम्मद इकराम, कादिर अली, मोहम्मद रमजान, जुबेर अली आदि शामिल रहे।