लाहौर, पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में कई बारातियों की जिंदगी के लिए बारात की रात बहुत काली साबित हो गई। बताया जा रहा है कि पंजाब प्रांत में विवाह समारोह से लौट रहे बारातियों से भरा एक वाहन (वैन) अचानक नाले में गिर गया। इस दुर्घटना में वैन में सवार 8 लोगों की मौत हो गई। जबकि कई लोग घायल हुए हैं, जिन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पाकिस्तान पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

बताया जा रहा है किक यह घटना बृहस्पतिवार देर रात लाहौर से करीब 50 किलोमीटर दूर कसूर में हुई, जहां 8 बेकसूर लोग मारे गए। पाकिस्तानी अधिकारियों के अनुसार, वाहन में महिलाओं समेत 10 लोग सवार थे, जो लाहौर में एक विवाह समारोह से लौट रहे थे। मगर उन्हें क्या पता कि यह रात उनकी जिंदगी के लिए आखिरी साबित हो जाएगी।

तेज गति के कारण हादसा होने की आशंका
पाकिस्तानी अधिकारियों ने कहा कि लौटने के दौरान तेज गति के कारण वाहन सड़क से फिसलकर नाले में गिर गया। वाहन में दो परिवारों के सदस्य सवार थे। बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर आठ शव बरामद किए और दो घायल यात्रियों को अस्पताल पहुंचाया। उन्होंने बताया कि घायलों की हालत गंभीर है। फिलहाल उनका इलाज चल रहा है। वाहन के सड़क से फिसलकर नाले में गिरने से पहले ही चालक ने गाड़ी से छलांग लगा दी। इसके बाद वह मौके से भागने का प्रयास करने लगा। हालांकि, पुलिस ने भागने की कोशिश कर रहे चालक को गिरफ्तार कर लिया है।