12 साल बाद खुला 17 वर्षीय कृष्णा के अंधे कत्ल का राज
लूट के विरोध पर चाकू से किए थे चार वार
इंदौर। खजराना थाना क्षेत्र में वर्ष 2015 में हुए 17 वर्षीय कृष्णा के अंधे कत्ल का पुलिस ने करीब 12 साल बाद खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हत्या और लूट की वारदात में शामिल दो आरोपियों अकील उर्फ नाईट्रा और आरिफ को गिरफ्तार किया है। वहीं, मामले का तीसरा आरोपी परवेज अब इस दुनिया में नहीं है। पुलिस के मुताबिक, लूट का विरोध करने पर कृष्णा की हत्या की गई थी।
बायपास के पास मिला था कृष्णा का शव
डीसीपी अमन सिंह राठौर ने बताया कि 17 अप्रैल 2015 को खजराना बायपास के पास 17 वर्षीय कृष्णा का शव मिला था। उसके शरीर पर गंभीर चोटों के निशान थे। मामले में खजराना थाने में हत्या की धारा 302 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया था।
घटना के समय आरोपियों की पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस लगातार मामले की जांच करती रही और आरोपियों की तलाश जारी रही। लंबे समय तक कोई ठोस सुराग नहीं मिलने के कारण यह मामला पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ था।
मुखबिर की सूचना से मिला अहम सुराग
करीब 12 साल बाद पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि कृष्णा की हत्या में अकील, आरिफ और परवेज शामिल थे। सूचना के आधार पर पुलिस ने संदिग्धों की जानकारी जुटाई और उनकी गतिविधियों पर नजर रखी।
जांच में सामने आया कि अकील उर्फ नाईट्रा के खिलाफ हत्या और लूट सहित 14 आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह कई बार जेल जा चुका है। वहीं, आरिफ के खिलाफ भी तीन गंभीर आपराधिक मामले दर्ज पाए गए। पुलिस के अनुसार, तीसरे आरोपी परवेज की मौत हो चुकी है।
लूट का विरोध करने पर चाकू से किए चार वार
पुलिस जांच में सामने आया कि तीनों आरोपियों ने कृष्णा को निशाना बनाकर उससे सोने का लॉकेट, चांदी की चेन-पेंडल और नकदी लूट ली थी। कृष्णा ने जब इसका विरोध किया तो अकील ने उस पर चाकू से हमला कर दिया।
आरोपी ने कृष्णा के गले पर चाकू से चार वार किए। गंभीर चोटों के कारण अत्यधिक रक्तस्राव हुआ और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
सबूत मिटाने के लिए जलाए थे सामान
हत्या के बाद आरोपियों ने वारदात से जुड़े साक्ष्य मिटाने की कोशिश की। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने मोटरसाइकिल और अन्य सामान को जलाकर घटना के सबूत नष्ट करने का प्रयास किया और इसके बाद मौके से फरार हो गए।
लंबे समय तक पुलिस के हाथ आरोपियों तक पहुंचने के लिए ठोस सुराग नहीं लग पाया। अब मुखबिर की सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
लूटे गए सामान की बरामदगी के प्रयास जारी
पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है। उनसे कृष्णा से लूटे गए सामान और हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियार सहित अन्य सामग्री बरामद करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
देश
दुनिया
मनोरंजन
खेल
छत्तीसगढ
हरियाणा
दिल्ली
धार्मिक
व्यापार
टेक & ऑटो
शिक्षा
स्वास्थ्य
आंध्र प्रदेश
तेलंगाना
सिक्किम
ओड़िशा
झारखंड
असम
नागालैण्ड