कोलकाता, पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में मस्जिदों से लाउडस्पीकर हटाए जाने को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। शनिवार को मुर्शिदाबाद से सांसद अबू ताहिर खान और जंगीपुर से सांसद खलीलुर रहमान ने राज्य सचिवालय नबान्न में मुख्यमंत्री से मुलाकात की। दोनों सांसदों ने मस्जिदों से लाउडस्पीकर हटाने की कार्रवाई पर चिंता जताते हुए सरकार से इसे रोकने की मांग की।

मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद अबू ताहिर खान ने आरोप लगाया कि राज्य में मुसलमानों को निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मस्जिदों से लाउडस्पीकर हटाने की कार्रवाई बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है और सरकार को इस मामले में हस्तक्षेप करना चाहिए। खान ने नमाज के दौरान धार्मिक गतिविधियों की अनुमति दिए जाने की भी मांग की।

'अदालत के आदेश का सम्मान, लेकिन कार्रवाई पर पुनर्विचार जरूरी'

जंगीपुर सांसद खलीलुर रहमान ने कहा कि अदालत के निर्देशों का पालन किया जाना चाहिए, लेकिन इसके नाम पर मस्जिदों से लाउडस्पीकर हटाने की कार्रवाई उचित नहीं है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के सामने पूरे मामले को रखा गया है और सरकार से इस पर गंभीरता से विचार करने का अनुरोध किया गया है।

मुर्शिदाबाद से 2024 का लोकसभा चुनाव लगातार दूसरी बार तृणमूल कांग्रेस के टिकट पर जीतने वाले अबू ताहिर खान ने राज्य पुलिस पर भी सवाल उठाए। उनका आरोप है कि मस्जिदों से लाउडस्पीकर हटाने के मामले में पुलिस जरूरत से ज्यादा सक्रियता दिखा रही है। खान के मुताबिक, उन्होंने मुख्यमंत्री से ऐसी कार्रवाई पर तत्काल रोक लगाने की अपील की है।

SIR के लंबित मामलों का भी उठा मुद्दा

मुख्यमंत्री के साथ बैठक में दोनों सांसदों ने विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR से जुड़े मामलों का मुद्दा भी उठाया। सांसदों का कहना है कि मुस्लिम बहुल मुर्शिदाबाद में बड़ी संख्या में मामले संबंधित न्यायाधिकरणों के समक्ष लंबित हैं।

अबू ताहिर खान के मुताबिक, कई वास्तविक मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हट गए हैं और वे अपने मामलों में न्यायाधिकरण के फैसले का इंतजार कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि मामलों के लंबित रहने की वजह से लोगों को पासपोर्ट सत्यापन, जमीन के पंजीकरण और सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

सांसदों ने राज्य सरकार से इन मामलों की सुनवाई में तेजी लाने और प्रक्रिया को 31 दिसंबर तक पूरा कराने की मांग की है।

अमित शाह के सामने भी उठा चुके हैं मामला

मस्जिदों से लाउडस्पीकर हटाने का मुद्दा मुर्शिदाबाद के सांसद इससे पहले केंद्र सरकार के सामने भी उठा चुके हैं। गुरुवार को अबू ताहिर खान, खलीलुर रहमान और मुर्शिदाबाद के सांसद यूसुफ पठान ने दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की थी। इस दौरान भी पश्चिम बंगाल में मस्जिदों से लाउडस्पीकर हटाए जाने की कार्रवाई का मुद्दा उठाया गया था।

विधायक नौशाद सिद्दीकी भी इस मुद्दे को लेकर मुखर रहे हैं। अब सांसदों ने राज्य सरकार के साथ-साथ केंद्र के सामने भी मामला रखकर कार्रवाई पर रोक लगाने की मांग की है। इसके साथ ही SIR से जुड़े लंबित मामलों के जल्द निपटारे और 31 दिसंबर तक प्रक्रिया पूरी करने की मांग को भी प्रमुखता से उठाया गया है।