लखीसराय (बिहार), लखीसराय जिले में घरों से लेकर बाजारों तक छठ पर्व की तैयारियां तेज हो गई हैं। व्रती महिलाएं और पुरुष पर्व की तैयारियों में जुट गए हैं। कोई पूजा सामग्री की खरीदारी कर रहा है, तो कोई घरों की साफ-सफाई और घाटों की व्यवस्था में लगा है।
छठ पर्व केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं, बल्कि सामाजिक एकता, स्वच्छता, अनुशासन और प्रकृति के प्रति सम्मान का भी संदेश देता है।
इस पर्व की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इसमें किसी भेदभाव के बिना समाज के सभी वर्गों के लोग एक साथ शामिल होते हैं। अमीर-गरीब, छोटे-बड़े सभी लोग श्रद्धा के साथ भगवान सूर्य और छठी मइया की आराधना करते हैं।
लोक परंपरा के अनुसार छठ व्रत में शुद्धता और नियमों का विशेष ध्यान रखा जाता है। यही वजह है कि पर्व शुरू होने से पहले ही घरों में सात्विक वातावरण तैयार होने लगता है।
छठ महापर्व की शुरुआत कल शुक्रवार 13 नवंबर को नहाय-खाय से होगी। परंपरा के अनुसार नहाय-खाय के दिन कद्दू-भात, चने की दाल और अन्य सात्विक व्यंजन बनाए जाते हैं। भोजन तैयार करने में स्वच्छता और पवित्रता का विशेष ध्यान रखा जाता है। इसी दिन से व्रती चार दिनों तक चलने वाले कठिन अनुष्ठान के नियमों का पालन शुरू कर देते हैं।
पर्व के दूसरे दिन शनिवार, 14 नवंबर को खरना होगा। इस दिन व्रती पूरे दिन उपवास रखेंगे और शाम को स्नान कर भगवान सूर्य की पूजा करेंगे। इसके बाद गुड़ की खीर और रोटी का प्रसाद तैयार किया जाएगा।
पूजा के बाद व्रती खरना का प्रसाद ग्रहण करेंगे और परिवार तथा आसपास के लोगों के बीच भी प्रसाद वितरित किया जाएगा। खरना के बाद व्रतियों का लगभग 36 घंटे का निर्जला उपवास शुरू हो जाता है। इस दौरान वे अन्न और जल ग्रहण नहीं करते हैं।
छठ पर्व का तीसरा दिन रविवार, 15 नवंबर को होगा। इस दिन संध्या अर्घ्य की विशेष तैयारी रहेगी। व्रती और उनके परिजन बांस के सूप, दउरा और टोकरी में फल, ठेकुआ, नारियल, गन्ना, मूली, अदरक, नींबू तथा अन्य पूजन सामग्री सजाकर घाटों तक पहुंचेंगे।
अस्ता चल गामी सूर्य को दूध और जल से अर्घ्य अर्पित किया जाएगा। घाटों पर छठी मइया के पारंपरिक गीतों और भक्ति संगीत से माहौल भक्तिमय हो उठेगा। पर्व के अंतिम दिन सोमवार, 16 नवंबर को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा।
सुबह सूर्योदय से पहले ही व्रती परिवार के सदस्यों के साथ घाटों पर पहुंचेंगे। उगते सूर्य को अर्घ्य देने और पूजा-अर्चना करने के बाद व्रती पारण करेंगे। इसी के साथ चार दिनों तक चलने वाला छठ महापर्व संपन्न हो जाएगा।