CURATED BY – BHAGWAN DAS BERAGI | CITYCHIEFNEWS

शाजापुर। भावसार समाज ने शनिवार को कुलदेवी मां हिंगलाज का प्राकट्य दिवस धूमधाम से मनाया। इस अवसर पर समाज की धर्मशाला से एक चल समारोह शुरु हुआ जिसका जगह-जगह भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर समाजजनो ने विभिन्न धार्मिक आयोजन किए।
कार्यक्रम की शुरुआत भावसार मोहल्ला स्थित मां हिंगलाज माता के मंदिर से हुई। शाम करीब 5 बजे समाजजनों ने भावसार धमर्शाला परिसर से एक चल समारोह निकाला। चल समारोह में समाज के पुरुष एवं समाज की महिलाएं, बच्चे और युवा बड़ी संख्या में शामिल रहे। धमर्शाला परिसर से शुरू हुआ चल समारोह सोमवारिया बाजार, छोटा चौक, आजाद चौक, नई सड़क होता हुआ पुलिस लाइन रोड स्थित श्री राम मंदिर पहुंचा। मंदिर में समाजजनों ने भगवान श्रीराम का पूजन किया। इसके बाद चल समारोह नागनागनी रोड, सोमवारिया बाजार होते हुए धमर्शाला परिसर में पहुंचकर संपन्न हुआ। चल समारोह में बड़ी संख्या में समाजजन शामिल हुए, जिनका विभिन्न चौक-चौराहों पर पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। चल समारोह के दौरान पुलिस प्रशासन द्वारा भी पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था की गई थी।
विभिन्न प्रतियोगिता के विजेताओं को बांटे पुरस्कार
भावसार समाज महिला मंडल द्वारा विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया था। इन प्रतियोगिताओं में समाज के बच्चों, युवतियों और महिलाओं नें भाग लिया। शनिवार को चल समारोह जब धमर्शाला परिसर में पहुंचा तो यहां पर सर्वप्रथम पिछले दिनों आयोजित की गई प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। बाद में समाज की कुल देवी मां हिंगलाज की पूजा अर्चना की गई। इसके बाद महाआरती का आयोजन हुआ। साथ ही समाज को मार्गदर्शन देने वाले वरिष्ठों को भी समाज के पदाधिकारियों ने सम्मानित किया। इस अवसर पर भावसार समाज अध्यक्ष तुलसीराम भावसार, नवयुवक मंडल अध्यक्ष विकास भावसार (लाला), महिला मंडल अध्यक्ष निशा बराड़े सहित बड़ी संख्या में भावसार समाज पदाधिकारी, महिला, पुरुष व बच्चे उपस्थित थे। कार्यक्रम के पश्चात समाजजनों के सहभोज का आयोजन किया गया।
सुबह हिंगलाज टेकरी पर पहुंचकर किया पूजन
कुलदेवी मां हिंगलाज के प्राकट्य दिवस पर समाजजनों में उत्साह देखने को मिला। सुबह समाज के युवा और पुरुषों ने टुकराना रोड स्थित मां हिंगलाज टेकरी पहुंचकर माता का पूजन किया। यहां आरती कर प्रसादी का वितरण किया गया। इसके बाद संध्याकाल में समाज द्वारा वृहद रूप से आयोजन करते हुए चल समारोह निकालकर महाआरती और महाप्रसादी का आयोजन किया गया।