इंदौर, इंदौर के बाणगंगा क्षेत्र से लापता हुए चार साल के बच्चे का शव शुक्रवार को नाले में मिला। बीते चार दिन से एसडीआरएफ की टीम उसका शव खोज रही थी। एमआर 10 के नाले से शुक्रवार को बालक का शव निकाला गया। पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए एमवाय अस्पताल भेज दिया।

बाणगंगा पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार भागीरथपुरा से चार साल का किशू लापता हो गया था। परिवार ने उसके अपहरण की आशंका जताई थी। गुरुवार को एसडीआरएफ की टीम ने नाले में सर्चिंग की थी, लेकिन बच्चे की कोई जानकारी नहीं मिली थी। इधर, टीमें बनाकर आसपास के इलाकों में भी पूछताछ कर कार्रवाई जा रही थी, लेकिन कोई खास सफलता नहीं मिली।

एसडीआरएफ की टीम ने शुक्रवार को फिर से सर्चिंग की। इसमें बच्चे का शव एमआर 10 के पास नाले में उतराता मिला। किशू के पिता बैंककर्मी हैं। वे धार में रहते है और अपने एक रिश्तेदार के यहां आए थे। रिश्तेदार के घर के पीछे नाला है, इसलिए वहां भी उसकी खोजबीन की जा रही थी। पुलिस मर्ग कायम कर मामले की जांच कर रही है। 

बच्चा खेलते हुए बाहर निकला था
पुलिस के अनुसार धार निवासी राहुल बागवान का चार वर्षीय बेटा किशू भागीरथपुरा की बगिया रोड से लापता हुआ था। राहुल की पत्नी पूजा मामा ससुर राधेश्याम कुकड़िया के घर कार्यक्रम में भाग लेने धार से आई थी। बच्चा खेलते हुए बाहर निकला और गायब हो गया था। शव मिलने के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस पूरे मामले की पड़ताल में जुटी है। आखिर बच्चा नाले तक कैसे पहुंचा, इसकी भी जांच की जा रही है।