CURATED BY – GAURAV SINGHAL | CITYCHIEFNEWS

सहारनपुर, बीती आधी रात में घर से खेत के लिए निकले किसान का शव सड़क किनारे पड़ा मिला। किसान दुर्घटना का शिकार हुआ है। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के बेटे ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। मृतक के बेटे योगेश ने थाने में दी तहरीर में बताया कि उसके पिता जगदीश (55) पुत्र भगली रात करीब 11 बजे साइकिल से खेत पर जाने को कहकर निकले थे। आज सुबह तक जब वह नहीं लौटे तो उन्होंने खेत पर तलाश की लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लग पाया। बाद में पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने बताया कि एक शव नागल- टपरी मार्ग पर लखनौर के निकट मिला है। मौके पर पहुंचे तो शव की पहचान उनके पिता जगदीश के रूप में हुई। इसके बाद परिजनों में कोहराम मच गया। जगदीश पांच बीघा जमीन का छोटा सा किसान था। वह मजदूरी करके परिवार का पालन पोषण कर रहा था। थाना प्रभारी ज्ञानेश्वर बौद्ध ने बताया कि किसी अज्ञात वाहन की टक्कर से अधेड़ की मौत हो गई है। रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।