कटनी, कटनी में भगवान श्री जगन्नाथ स्वामी की 144वीं ऐतिहासिक रथयात्रा इस वर्ष और भी भव्य स्वरूप में निकाली जाएगी। 15 जुलाई से 27 जुलाई तक चलने वाले इस धार्मिक महोत्सव में दिल्ली इस्कॉन की भजन मंडली, 1100 दीपों की महाआरती, भव्य रथयात्रा, सांस्कृतिक प्रस्तुतियांऔर विशाल महाभंडारा मुख्य आकर्षण होंगे। आयोजन को लेकर मंदिर समिति ने तैयारियां पूरी कर ली हैं और श्रद्धालुओं से बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की है।
श्री जगदीश स्वामी मंदिर कमेटी एवं श्री संक्रांति सेवा समिति के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होने वाला यह 144वां रथयात्रा महोत्सव 15 जुलाई को शाम 4 बजे विशाल वाहन रैली के साथ शुरू होगा। 16 जुलाई को शाम 4 बजे 1100 दीपों की भव्य महाआरती होगी, जिसके बाद शाम 5 बजे भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा की भव्य रथयात्रा मंदिर से रवाना होकर नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए सब्जी मंडी स्थित राधा-कृष्ण मंदिर पहुंचेगी।
इस बार महोत्सव का सबसे बड़ा आकर्षण दिल्ली इस्कॉन की भजन मंडली होगी, जो अपनी संगीतमय प्रस्तुतियों से पूरे शहर को भक्तिरस में सराबोर करेगी। वहीं दक्षिण भारतीय सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, विभिन्न राज्यों की भजन मंडलियां और संकीर्तन कार्यक्रम श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण बनेंगे। 17 से 22 जुलाई तक भगवान विश्राम करेंगे, जबकि 23 जुलाई को माता जानकी की रथयात्रा प्रभु को वापस जगन्नाथ मंदिर लाने के लिए निकलेगी।
24 से 26 जुलाई तक प्रतिदिन शाम को भव्य भजन संध्या और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। महोत्सव का समापन 27 जुलाई को हवन-पूजन, ब्राह्मण एवं कन्या भोज और विशाल महाभंडारे के साथ होगा। मंदिर समिति के अध्यक्ष प्रमोद सरावगी, सचिव शिव सोनी सहित सभी पदाधिकारियों ने जिलेवासियों से सपरिवार इस धार्मिक महोत्सव में शामिल होकर भगवान जगन्नाथ स्वामी का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है।