CURATED BY – GUARAV SINGHAL | CITYCHIEFNEWS

सहारनपुर, योग साधना  केवल सुबह करने की विद्या नहीं, ये किसी भी समय की जा सकती है, यहां तक कि सोते हुए भी। योग निद्रा का तो अलग ही आनंद और बड़ा महत्व है, ये रहस्योद्घाटन करते हुए अंतर्राष्ट्रीय योग गुरु पद्मश्री स्वामी भारत भूषण ने कहा योग को अंधी दौड़ तक सीमित करना समझदारी नहीं, इसे ठीक से समझने की जरूरत है। केवल आसन व्यायाम तक सीमित समझ लेना योग विद्या को बहुत कमतर आंकना है, ये बात उन्होंने मोक्षायतन अंतर्राष्ट्रीय योग संस्थान में भारतयोग शिक्षकों और आचार्यों के साथ गहन योग संवाद में कही। उन्होंने कहा कि लोग 21 जून अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को एक दिन तक सीमित करने की गलती कर बैठे हैं जबकि योग दिवस ये स्थापित करने के लिए है कि हम हर दिन को योग दिवस बनाएं उसी तरह योग साधना भी पूरे योग दर्शन को प्रतिपल के जीवन में अपनाना है। योग गुरु भारत भूषण ने इस वर्ष से भारत सरकार द्वारा योग दिवस पूर्व सौ दिन और उत्तर प्रदेश सरकार ने 21 जून से पूर्व सात दिन योग सप्ताह मनाने का आवाहन करके इस भ्रम से बाहर निकालने की शुरुआत की है कि सिर्फ सुबह एक घंटा कॉमन योग प्रोटोकॉल के अभ्यास किए जाएं। योग गुरु भारत भूषण ने कहा कि इस अवधि में योग के प्रति जागृति लाने के लिए दिनभर किसी भी अनुकूल समय पर योग संगोष्ठी, योग संस्कार शिविर, योगयुक्त आहार, ध्यान चर्चा और विधि अभ्यास, विविध समस्याओं पर योग समाधान, चित्र और स्लोगन  व निबंध लेखन आदि के अतिरिक्त सुबह सवेरे के अलावा अन्य समय पर भी बंद सभागारों में योग सूत्रों पर संवाद व लेक्चरडिमॉन्सट्रेशन आदि किए जाने चाहिए। योग गुरु ने आश्चर्य व्यक्त किया कि संस्थाएं उन्हें योग दिवस कार्यक्रमों में सुबह का निमंत्रण देती हैं क्योंकि आयोजक आसन प्राणायाम को ही योग समझ बैठे हैं, भला सुबह सभी जगह कैसे जाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि जब मैंने कई संस्थाओं को दिन या शाम में कार्यक्रम रखने का सुझाव दिया तो उन्हें आश्चर्य हुआ लेकिन सही बात समझकर खुशी भी हुई कि इसके लिए तो बड़े इंतजाम भी नहीं करने पड़ेंगे और लोग जिज्ञासाओं का समाधान ले कर अपने घरों पर अभ्यास जारी रख सकेंगे। स्वामी भारत भूषण ने पीड़ा जताई कि अब योग आचरण के धरातल तक न जा कर आसन प्राणायाम से शुरू हो कर वहीं समाप्त हो जाता है। उन्होंने सामूहिक योगाभ्यास का महत्व समझाते हुए कहा कि वह इस बार 21 जून योग दिवस पर अपने शहर सहारनपुर में ही रहेंगे और कंपनी बाग में जिला प्रशासन द्वारा आयोजित कार्यक्रम में सबके साथ योग करेंगे। योग गुरु भारत भूषण ने हर किसी को इस सामूहिक योगाभ्यास में आमंत्रित करते हुए कहा कि हम सभी को योग से स्वस्थ और मस्त होने का अधिकार है।