राहुल नगर की सीसी सड़क पर घोटाले का शक!
कहीं 3 इंच, कहीं डेढ़ इंच ढलाई; रहवासियों का हंगामा, जांच की मांग
रायसेन। शहर के राहुल नगर वार्ड-14 में लाखों रुपये की लागत से बनाई गई सीसी सड़क अब विवादों में घिर गई है। स्थानीय लोगों ने सड़क निर्माण में गंभीर अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए गुणवत्ता पर सवाल उठाए हैं। रहवासियों का दावा है कि सड़क की ढलाई तय मानकों के अनुरूप नहीं हुई। कहीं मोटाई 3 से 4 इंच तो कहीं महज डेढ़ से 2 इंच तक ही है। लोगों ने पूरे मामले की तकनीकी जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।
रहवासियों का आरोप है कि नगर पालिका के ठेकेदार सत्येंद्र सिंह चौहान ने निर्माण कार्य में मनमानी करते हुए घटिया सामग्री का उपयोग किया। लोगों का कहना है कि सड़क निर्माण में निम्न गुणवत्ता का सीमेंट, स्थानीय रेत और काली गिट्टी की चूरी का इस्तेमाल किया गया, जिससे सड़क की मजबूती पर सवाल खड़े हो गए हैं।
स्थानीय नागरिक विनोद कुमार, मुकेश राठौर, धनसिंह बैरागी और अनिल कुमार धाकड़ का कहना है कि निर्माण के दौरान नगर पालिका का कोई जिम्मेदार अधिकारी या तकनीकी अमला मौके पर निरीक्षण के लिए नहीं पहुंचा। कई बार शिकायत करने के बावजूद गुणवत्ता की जांच नहीं हुई, जिससे ठेकेदार ने बिना निगरानी के काम पूरा कर दिया।
नालियां अधूरी, बारिश में बढ़ेगी परेशानी
रहवासियों ने बताया कि सड़क निर्माण के साथ नालियों का निर्माण भी प्रस्तावित था, लेकिन ठेकेदार ने केवल सड़क बनाकर काम पूरा दिखा दिया। नालियां अधूरी होने से बारिश का पानी सड़क पर भरने और सड़क के जल्द खराब होने की आशंका जताई जा रही है।
लोगों का कहना है कि विकास कार्यों पर लाखों रुपये खर्च किए जा रहे हैं, लेकिन यदि गुणवत्ता से समझौता होगा तो सरकारी धन की बर्बादी होगी और जनता को स्थायी सुविधा नहीं मिल पाएगी।
सब इंजीनियर बोले— शिकायत मिली है, जांच होगी
नगर पालिका के सब इंजीनियर आशुतोष सिंह ने बताया कि राहुल नगर में सीसी सड़क निर्माण की गुणवत्ता को लेकर शिकायतें मिली हैं। मामले की तकनीकी जांच कराई जाएगी। यदि निर्माण कार्य मानकों के अनुरूप नहीं पाया गया तो संबंधित ठेकेदार का भुगतान रोका जाएगा और नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
पार्षद ने भी मानी शिकायतें
वार्ड-14 के भाजपा पार्षद देवेंद्र यादव ने कहा कि सड़क निर्माण की गुणवत्ता को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही हैं। यदि जांच में निर्माण कार्य घटिया पाया जाता है तो संबंधित ठेकेदार के विरुद्ध कार्रवाई कर उसका भुगतान रोका जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि वार्डवासियों की शिकायतों को गंभीरता से लिया जाएगा और गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होने दिया जाएगा।
अब राहुल नगर की इस सड़क पर नगर पालिका की जांच और कार्रवाई पर सबकी निगाहें टिकी हैं। यदि शिकायतें सही साबित होती हैं तो यह मामला नगर पालिका के निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और निगरानी व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा कर सकता है।
देश
दुनिया
मनोरंजन
खेल
छत्तीसगढ
हरियाणा
दिल्ली
धार्मिक
व्यापार
टेक & ऑटो
शिक्षा
स्वास्थ्य
आंध्र प्रदेश
तेलंगाना
सिक्किम
ओड़िशा
झारखंड
असम
नागालैण्ड