हिमाचल में कैबिनेट को लेकर सस्पेंस खत्म, CM सुक्खू की लिस्ट तैयार
आज मंत्री पद की शपथ लेंगे ये विधायक
शिमला, हिमाचल प्रदेश में नवगठित कांग्रेस सरकार में आखिरकार मंत्रिमंडल को लेकर सस्पेंस होता दिख रहा है. राजभवन की ओर से जानकारी दी गई है कि रविवार 8 जनवरी, 2023 को सुबह 10 बजे हिमाचल प्रदेश मंत्रिमंडल के सदस्यों का शपथ ग्रहण समारोह होगा.
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, सीएम सुखविंदर सिंह ने शनिवार शाम राज्य सचिवालय में इस बाबत बैठक करके अपनी नई कैबिनेट को अंतिम रूप दिया. इस दौरान 5 मंत्रियों के नामों को आलाकमान से हरी झंडी मिल गई है, जबकि 2 से 3 नामों पर मंथन चल रहा है.
सूत्रों के मुताबिक, कर्नल धनी राम शांडिल, चंद्र कुमार, सुधीर शर्मा, हर्षवर्धन चौहान और जगत सिंह नेगी के नाम सुक्खू कैबिनेट के लिए पक्के कर दिए गए. वहीं विक्रमादित्य सिंह और राजेश धर्माणी को भी मंत्री बनाए जाने की पूरी संभावना है. इसके अलावा रोहित ठाकुर का नाम भी संभावितों की लिस्ट में शामिल है.
इससे पहले हिमाचल प्रदेश में मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर शुक्रवार और शनिवार को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में दिन भर बैठकों का दौर चला. इस दौरान सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने हिमाचल प्रभारी राजीव शुक्ला, राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल और मुकुल वासनिक के साथ मंत्रियों की संभावित लिस्ट पर चर्चा की.
बता दें कि सुखविंदर सिंह सुक्खू की कैबिनेट में दस पदों पर मंत्रियों की तैनाती होनी है. वैसे हिमाचल प्रदेश के इतिहास में यह छठा मौका होगा जब मंत्रिमंडल में किसी महिला को जगह नहीं मिलेगी, इसकी वजह यह है कि कांग्रेस की तरफ से कोई भी महिला विधायक जीत कर नहीं आई है.