Sunrisers Hyderabad Vs Rajasthan Royals 50th Match
भुवनेश्वर ने राजस्थान के जबड़े से छीनी जीत, हैदराबाद 1 रन से जीता
यशस्वी जायसवाल (67), रियान पराग (77) के बाद रोवमन पॉवेल (27) की शानदार पारियों के बावजूद भुवनेश्वर कुमार ने इन तीनों बल्लेबाजों की पारी पर पानी फेर दिया और राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ गुरुवार को सनराइजर्स हैदराबाद को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2024 के 50वें मैच में अंतिम गेंद पर 1 रन से जीत दिला दी.
राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए इस सीजन के 50वें मैच में मेजबान हैदराबाद ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग करते हुए 201/3 का स्कोर बनाया और फिर राजस्थान को निर्धारित 20 ओवरों में सात विकेट पर 200 रनों पर रोक दिया. हैदराबाद की 10 मैचों में यह छठी जीत है और अब टीम के 12 अंक हो गए हैं. हैदराबाद ने इसके साथ ही आईपीएल 2024 की अंकतालिका में टॉप-4 में अपनी जगह बना ली है. राजस्थान रॉयल्स को 10 मैचों में दूसरी हार का सामना करना पड़ा है. टीम के अभी 16 अंक है और वह अभी भी अंकतालिका में पहले नंबर पर है.
हैदराबाद से मिले 202 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजस्थान की शुरुआत बेहद खराब रही और भुवनेश्वर कुमार ने पहले ही ओवर में जोस बटलर (0) तथा कप्तान संजू सैमसन (0) को पवेलियन भेज दिया. लेकिन इसके बाद दो युवा बल्लेबाज जायसवाल और पराग ने तीसरे विकेट के लिए 78 गेंदों पर 134 रनों की साझेदारी करके हैदराबाद को मैच से दूर कर दिया. राजस्थान को तीसरा झटका 135 के स्कोर पर लगा, जब टी नटराजन ने जायसवाल को बोल्ड कर दिया.
जायसवाल ने 40 गेंदों पर सात चौके और दो छक्के लगाए. उनके आउट होने के बाद पराग भी 16वें ओवर में कप्तान पैट कमिंस का शिकार बन गए. उन्होंने 49 गेंदों पर आठ चौके और चार छक्के लगाए. पराग जब आउट हुए तो उस समय राजस्थान को जीत के लिए 25 गेंदों पर 43 रनों की दरकार थी औक शिमरन हेटमायर तथा रोवमैन पॉवेल की जोड़ी क्रीज पर थी. लेकिन नटराजन ने 18वें ओवर में हेटमायर को आउट करके राजस्थान को पांचवां झटका दे दिया.
राजस्थान को जीत के लिए अंतिम दो ओवरों में 20 रन बनाने थे और पैट कमिंस ने ध्रुव जुरेल (1) को पवेलियन भेजकर मेहमान टीम को छठा झटका दे दिया. आखिरी ओवर में राजस्थान को जीत के लिए 13 रन बनाने थे और गेंद भुवनेश्वर कुमार के हाथों में थी. भुवी ने अपने इस ओवर में अपने अनुभव का पूरा फायदा उठाते हुए केवल एक चौका खाया. आखिरी गेंद पर राजस्थान को जीत के लिए दो रन चाहिए था और भुवनेश्वर ने पॉवेल को पगबाधा आउट करके हैदराबाद को 1 रन से रोमांचक जीत दिला दी.
सनराइजर्स हैदराबाद के लिए भुवनेश्वर कुमार ने तीन और टी नटराजन तथा कप्तान पैट कमिंस ने दो-दो सफलता हासिल की.
इससे पहले, सनराइजर्स हैदराबाद ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग करते हुए तीन विकेट 201 रनों का विशाल स्कोर बनाया. मेजबान टीम के लिए नीतीश रेड्डी और ट्रैविस हेड ने तूफानी फिफ्टी लगाई. दोनों बल्लेबाजों ने तीसरे विकेट के लिए 57 गेंदों पर 96 रनों की शानदार साझेदारी की. हेड ने 44 गेंदों पर छह चौके और तीन छक्कों की मदद से 57 रन बनाए.
रेड्डी ने 42 गेंदों पर तीन चौके और आठ छक्कों के सहारे 76 रनों की नाबाद पारी खेली. उनके अलावा अभिषेक शर्मा ने 12 और हेनरिक क्लासेन ने 19 गेंदों पर तीन चौके और तीन छक्कों के सहारे नाबाद 42 रन बनाए. रेड्डी और क्लासेन ने चौथे विकेट के लिए 32 गेंदों पर ही 70 रनों की ताबड़तोड़ पार्टनरशिप कर डाली. राजस्थान रॉयल्स की ओर से आवेश खान ने दो और संदीप शर्मा ने एक विकेट अपने नाम किया.
देश
दुनिया
मनोरंजन
खेल
छत्तीसगढ
हरियाणा
दिल्ली
धार्मिक
व्यापार
टेक & ऑटो
शिक्षा
स्वास्थ्य
आंध्र प्रदेश
तेलंगाना
सिक्किम
ओड़िशा
झारखंड
असम
नागालैण्ड