बैंकॉक। थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक के उत्तर में स्थित नोंथाबुरी प्रांत के एक स्कूल में शुक्रवार को गोलीबारी की सनसनीखेज घटना सामने आई। आठवीं कक्षा के एक छात्र ने कथित तौर पर पहले एक शिक्षक को गोली मारी और इसके बाद खुद को भी गोली मार ली। घटना में शिक्षक और हमलावर छात्र की मौत हो गई, जबकि करीब 15 छात्र घायल बताए जा रहे हैं।

स्थानीय मीडिया के मुताबिक, गोलीबारी नोंथाबुरी प्रांत के बांग क्रुआई जिले के एक प्रमुख हाई स्कूल में हुई। स्थानीय प्रसारक 'थाई PBS' ने शुरुआती रिपोर्टों के हवाले से बताया कि घटना में कई लोगों के हताहत होने की सूचना है। हालांकि, शुरुआती आंकड़ों में मौतों की संख्या को लेकर अलग-अलग जानकारी सामने आई।

शिक्षा मंत्री ने दिए तत्काल कार्रवाई के निर्देश

घटना के बाद थाईलैंड के शिक्षा मंत्री प्रसर्ट चंतारारुआंगथोंग ने मंत्रालय से जुड़े सभी विभागों को संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय कर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस समय छात्रों, शिक्षकों और स्कूल कर्मचारियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।

शिक्षा मंत्री ने यह भी कहा कि घटना से प्रभावित लोगों की शारीरिक और मानसिक स्थिति का तत्काल आकलन किया जाए और उन्हें आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने बताया कि वह सरकारी काम से उबोन रत्चाथानी प्रांत में मौजूद हैं, लेकिन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

संवेदनशील तस्वीरें और वीडियो साझा न करने की अपील

शिक्षा मंत्री ने लोगों और मीडिया से घटना से जुड़ी संवेदनशील तस्वीरें, वीडियो और अपुष्ट सूचनाएं साझा नहीं करने की अपील की। उन्होंने विशेष रूप से मृतकों, घायलों, छात्रों और घटना से जुड़े लोगों की तस्वीरें या वीडियो प्रसारित करने से बचने को कहा।

उनका कहना है कि ऐसी सामग्री के प्रसार से पीड़ित परिवारों और प्रभावित लोगों की निजता, अधिकारों और मानसिक स्वास्थ्य पर गंभीर असर पड़ सकता है। उन्होंने लोगों से केवल आधिकारिक और सत्यापित जानकारी पर भरोसा करने की अपील की।

शिक्षा मंत्री ने गोलीबारी में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति संवेदना भी व्यक्त की और प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।

थाईलैंड में हथियारों की बड़ी संख्या चिंता का विषय

स्कूल में हुई इस घटना ने थाईलैंड में हथियारों की उपलब्धता को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ा दी है। रिपोर्टों के अनुसार, देश में बड़ी संख्या में निजी बंदूकें मौजूद हैं। अनुमान है कि थाईलैंड में करीब एक करोड़ यानी 10 मिलियन बंदूकें चलन में हैं। यह संख्या देश की आबादी के मुकाबले काफी अधिक है और औसतन करीब हर सात लोगों पर एक बंदूक होने का अनुमान लगाया जाता है।