CURATED BY –DHEERAJ KUMAR AHIRWAL | CITYCHIEFNEWS

दमोह, दमोह जिले में मतदान का प्रतिशत बढ़ाने के उद्देश्य से स्वीप अभियान के तहत कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा दिये गये निर्देशों के तहत रोजाना विभिन्न गतिविधियों का लगातार आयोजन किया जा रहा है। इस अभियान में समाज के हर वर्ग की भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है, इसके लिए समाजसेवी संस्था अभिषेक जन जागृति समाज कल्याण समिति एवं बुंदेलखंड नव निर्माण एवं युवा जन जागृति समिति के द्वारा शहर की कॉलोनियों, बस्तियों, मोहल्लों और ग्रामीण क्षेत्र में पंचायत वार मतदाताओं को जागरूक करने के लिये नुक्कड़ नाटक, जागरूकता अभियान जैसे अनेक जतन किये जा रहे हैं।

जिला पंचायत के सीईओ अर्पित वर्मा के मार्गदर्शन में शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार स्वीप गतिविधियां हो रही हैं। ऐसे क्षेत्र जहां विगत चुनाव में कम मतदान हुआ था वहां विशेष ध्यान दिया जा रहा है। मतदाता जागरूकता अभियान में समाज के सभी वर्गों का सहयोग लिया जा रहा है।

कम प्रतिशत वाले केन्द्रों में फोकस

स्वीप अभियान के अंतर्गत शहरी क्षेत्रों के वार्डो एवं ग्राम पंचायतों में मतदाता जागरूकता रैली निकाली जा रही है।  शहर के प्रमुख धार्मिक स्थलों पर भी मतदाता जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। सार्वजनिक स्थलों पर नुक्कड़ नाटक के माध्यम से जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है एवं मतदाताओं को मतदान करने हेतु शपथ दिलायी जा रही है। विद्यार्थियों के माध्यम से  मतदाता जागरूकता के पोस्टर निर्माण कराये जा रहे है।

जिले में रैली, संगोष्ठी, रंगोली प्रतियोगिता, मतदाता जागरूकता सेल्फी बोर्ड आदि के माध्यम से मतदाताओं को मतदान के लिये प्रेरित किया जा रहा है। दमोह जिले के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के ऐसे  मतदान केन्द्र जहां गत विधानसभा चुनाव 2018 में कम मतदान हुआ तथा दमोह के उप चुनाव में 50 प्रतिशत से कम मतदान हुआ था, उन्हें चिन्हित कर वहां विशेष जागरूकता के प्रयास किये जा रहे हैं। स्कूलों एवं महाविद्यालयों में भी विशेष प्रयास किये जा रहे हैं। नव मतदाताओं को मतदान के लिये प्रेरित किया जा रहा है।