हैदराबाद. सनराइजर्स हैदराबाद के ओपनिंग बल्लेबाज ट्रेविस हेड (66) और अभिषेक शर्मा (141) की तूफानी बैटिंग के सामने पंजाब किंग्स की टीम शनिवार को दमदार बैटिंग के बावजूद मैच में हार गई. उसने पहले बैटिंग करते हुए 6 विकेट के नुकसान पर 245 रन बनाए थे. सनराइजर्स की टीम ने यह टारगेट 9 बॉल बाकी रहते 8 विकेट से अपने नाम कर लिया. सनराइजर्स की धमाकेदार शुरुआत के बाद पंजाब की टीम बैकफुट पर पहुंची तो फिर उसे इस मैच में उबरने का मौका ही नहीं मिला. SRH को सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ताबड़तोड़ शतक और ट्रेविस हेड के साथ उनकी शतकीय साझेदारी से सनराइजर्स हैदराबाद ने इंडियन प्रीमियर लीग के बड़े स्कोर वाले मैच में शनिवार को यहां पंजाब किंग्स को 8 विकेट से हराकर लगातार चार हार के क्रम को तोड़ा.

यह आईपीएल के इतिहास में लक्ष्य का पीछा करते हुए दूसरी सबसे बड़ी जीत है. अभिषेक का यह शतक आईपीएल में किसी भारतीय बल्लेबाजी का सर्वोच्च स्कोर है. पंजाब ने इससे पहले कप्तान श्रेयस अय्यर की 36 गेंद में छह छक्कों और इतने ही चौकों से 82 रन की पारी से छह विकेट पर 245 रन बनाए. अय्यर ने निहाल वढेरा (27) के साथ तीसरे विकेट के लिए 73 रन की साझेदारी भी की.

प्रभसिमरन सिंह (42) और प्रियांश आर्य (36) ने पहले विकेट के लिए सिर्फ 24 गेंद में 66 रन जोड़कर टीम को तूफानी शुरुआत दिलाई. मार्कस स्टोइनिस (नाबाद 34, 11 गेंद, चार छक्के, एक चौका) ने अंत में तेजतर्रार पारी खेलकर टीम का स्कोर 240 रन के पार पहुंचाया.

सनराइजर्स की ओर से हर्षल पटेल ने 42 रन देकर चार जबकि आईपीएल में पदार्पण कर रहे ईशान मलिंगा ने 45 रन देकर दो विकेट चटकाए. मोहम्मद शमी बेहद महंगे साबित हुए. उन्होंने चार ओवर में बिना विकेट लिए 75 रन लुटाए जो आईपीएल के इतिहास का दूसरा सबसे महंगा स्पैल है.

लक्ष्य का पीछा करने उतरे सनराइजर्स को अभिषेक और हेड ने बेजोड़ शुरुआत दिलाई. हेड ने अर्शदीप सिंह (37 रन पर एक विकेट) के दो ओवर में पांच चौके मारे जबकि अभिषेक ने मार्को यानसेन के ओवर में चार चौकों के साथ शुरुआत की और फिर यश ठाकुर का स्वागत एक चौके और दो छक्कों के साथ किया.

अभिषेक हालांकि यश की गेंद पर भाग्यशाली रहे जब शशांक सिंह ने उनका कैच पकड़ लिया लेकिन यह नोबॉल हो गई. सनराइजर्स ने पावर प्ले में बिना विकेट खोए 83 रन बनाए. अभिषेक ने ग्लेन मैक्सवेल पर चौके के साथ सिर्फ 19 गेंद में अर्धशतक पूरा किया और फिर युजवेंद्र चहल (56 रन पर एक विकेट) पर छक्के के साथ आठवें ओवर टीम का स्कोर 100 रन के पार पहुंचाया.