कुशीनगर पुलिस ने फर्जी जीएसटी अधिकारी बनकर 20 टन स्क्रैप बेचने वाले गैंग का खुलासा मंगलवार को किया है। पुलिस टीम ने ट्रक और पिकअप वाहन सहित 50 लाख रुपये का स्क्रैप बरामद कर चार शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। एसपी ने खुलासा करने वाली टीम को 25 हजार रुपये का ईनाम से दिया है।

एसपी संतोष कुमार मिश्रा ने प्रेसवार्ता में यह जानकारी देते हुए बताया कि पिछले 23 मार्च को कसया थाना में ट्रक चालक प्रमोद यादव पुत्र किशुनदेव यादव निवासी ठाढ़ीभार थाना विशुनपुरा ने तहरीर सौंपकर बताया था कि वह पिछले 19 मार्च की रात सिवान बिहार से 20 टन स्क्रैप लेकर पंजाब जा रहे थे। कुछ अज्ञात व्यक्तियों ने खुद को जीएसटी अधिकारी बता कर गोरखपुर के गीडा थाना क्षेत्र में चेकिंग के नाम पर पकड़ लिया। उसके स्क्रैप माल को कसया क्षेत्र में उतरवाकर एक कमरे में आठ घंटे तक बंधक बना कर रखा। इस मामले में कसया पुलिस ने अभियोग पंजीकृत किया था। एसपी ने घटना के शीघ्र अनावरण और अभियुक्तों के गिरफ्तारी के लिए अपर पुलिस अधीक्षक कुशीनगर रितेश कुमार सिंह व क्षेत्राधिकारी कसया कुन्दन कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस की चार टीमें गठित की थी।

कसया पुलिस और स्वाट की संयुक्त टीम ने थाना कसया क्षेत्र के बैरिया से गोपालगढ़ जाने वाली बाईपास सड़क पर स्थित शिवमंदिर के समीप से घटना में शामिल चार अभियुक्तों को गिरफ्तार करते हुए उनकी निशानदेही पर बेचे गये 16 टन स्क्रैप व अपराध में प्रयुक्त एक ट्रक व एक पिकअप व स्क्रैप बिक्री का कुल 22,000 रूपये नगद बरामदगी करते हुये घटना का सफल अनावरण किया है। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान आलोक सिंह पुत्र राकेश सिंह निवासी बुद्धनगरी कसया, राजेश पटेल पुत्र सूर्यभान पटेल निवासी बहोरापुर कसया, सोनू कश्यप पुत्र छिद्दू कश्यप निवासी कण्ठीपुर थाना शिवराजपुर जनपद कानपुर, सुनील गुप्ता पुत्र लक्ष्मण गुप्ता निवासी सिंघनजोडी थाना कुबेरस्थान शामिल है। बरामदगी व गिरफ्तारी के आधार पर पुलिस विधिक कार्रवाई में जुटी है। घटना में शामिल अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी पुलिस टीमें लगायी गयी हैं। शीघ्र ही उनकी गिरफ्तारी भी कर ली जायेगी।

फर्जी अधिकारी बन गबन करते थे माल
एसपी ने बताया कि अभियुक्तों ने पूछताछ में बताया कि हम लोगों का एक संगठित गिरोह है। हम लोग तथा हमारे साथी मिलकर फर्जी जीएसटी अधिकारी बन कर माल वाहक वाहनों को रोक कर उसको अपने कब्जे में लेकर चालक को गुमराह कर वाहनों पर लदे माल गबन कर देते हैं। इसके बाद उसको बेच कर अवैध धन अर्जित करते हैं।

क्‍या बोले एसपी
कुशीनगर के एसपी संतोष कुमार मिश्रा ने बताया कि फर्जी जीएसटी अधिकारी बनकर स्क्रैप बेचने वाले गैंग का कुशीनगर पुलिस टीम खुलासा किया है। पुलिस ने वाहन सहित 50 लाख का माल बरामद किया है। इसमें एक ट्रक, एक पिकअप, 16 टन गायब स्क्रैप माल व 22 हजार रूपये नगद बरामद हुआ है। कसया पुलिस व स्वाट टीम को 25 हजार रूपये ईनाम से पुरस्कृत किया गया है।