उन्नाव, उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर मंगलवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा हो गया। बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र में हुई इस दुर्घटना में कार सवार दो मासूम बच्चियों समेत पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि 12 अन्य लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसा आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के किलोमीटर संख्या 230.800 पर सुबह करीब चार बजे हुआ। बिहार नंबर की एक स्लीपर बस हरियाणा से बिहार जा रही थी। इसी दौरान बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार करते हुए दूसरी लेन में पहुंच गई और गोरखपुर से मथुरा जा रही एक अर्टिगा कार से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस करीब 12 फीट नीचे खाई में जा गिरी और पलट गई, जिससे यात्रियों के बीच अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।

हादसे में कार में सवार नौ लोगों में से पांच की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान दिव्या (13 वर्ष), अमृता (5 वर्ष), अंजू (40 वर्ष), धुनमुन (60 वर्ष) और चालक विनोद (45 वर्ष) के रूप में हुई है। सभी मृतक संतकबीर नगर जिले के निवासी बताए जा रहे हैं और मथुरा की ओर जा रहे थे।

घटना की सूचना मिलते ही बांगरमऊ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की सहायता से घायलों को बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बांगरमऊ पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल लोगों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। हादसे में कार सवार चार लोगों के अलावा बस में यात्रा कर रहे कई यात्री भी घायल हुए हैं।

घटना की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी घनश्याम मीना और पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया और स्वास्थ्य विभाग को घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए।

बस में सवार पूनम देवी ने बताया कि वह सो रही थीं, तभी अचानक बस तेज झटकों के साथ हिलने लगी। उन्होंने अपने परिजनों को इसकी जानकारी दी, लेकिन कुछ ही देर बाद बस पलट गई। प्रारंभिक आशंका जताई जा रही है कि चालक को नींद आने के कारण यह हादसा हुआ, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बांगरमऊ के चिकित्सक डॉ. सुनील राठौर ने बताया कि हादसे के बाद कुल 17 लोगों को अस्पताल लाया गया था। इनमें पांच लोगों को मृत घोषित किया गया, जबकि पांच गंभीर घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया और सात अन्य का प्राथमिक उपचार किया गया।