शाजापुर, थाना शुजालपुर मंडी पुलिस ने अपहरण, दुष्कर्म एवं पॉक्सो एक्ट के गंभीर अपराध में फरार चल रही ₹10,000 की इनामी महिला आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है।

पुलिस अधीक्षक शाजापुर श्रीमती प्रियंका शुक्ला के निर्देशन में गंभीर अपराधों में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री घनश्याम मालवीय के नेतृत्व एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस शुजालपुर श्री निमेष देशमुख के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी शुजालपुर मंडी निरीक्षक शिवकुमार यादव के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी।

घटना का विवरण

दिनांक 12 मार्च 2024 को फरियादी ने थाना शुजालपुर मंडी में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी 13 वर्ष 3 माह आयु की नाबालिग पोती को अज्ञात व्यक्ति बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। रिपोर्ट के आधार पर थाना शुजालपुर मंडी में अपराध क्रमांक 108/2024 अंतर्गत धारा 363 भादवि का प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।

विवेचना के दौरान अपहृता को 01 जुलाई 2024 को ग्राम बेडास, थाना बड़ी पाटू, जिला नागौर (राजस्थान) से दस्तयाब किया गया। इसके पश्चात माननीय न्यायालय के समक्ष धारा 164 दंड प्रक्रिया संहिता के अंतर्गत उसके कथन दर्ज कराए गए।

जांच के दौरान प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर प्रकरण में धारा 366, 376(3), 376(2)(N), 506, 34 भादवि तथा धारा 5(एल)/6 पॉक्सो एक्ट का इजाफा किया गया।

विवेचना के दौरान आरोपी भगवान सिंह उर्फ योगेश पिता सूरजमल सोनी, उम्र 23 वर्ष, निवासी बेडास, जिला नागौर (राजस्थान) को 30 अक्टूबर 2025 तथा सह-आरोपी किरण पत्नी मुकेश सोनी, उम्र 17 वर्ष 6 माह को 04 दिसंबर 2025 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेजा गया।

प्रकरण में फरार महिला आरोपी कलावती पति दिनेश सोनी, उम्र 44 वर्ष, निवासी ग्राम गुदरावन, थाना नलखेड़ा, जिला आगर (हाल मुकाम ग्राम मोगड़ाखुर्द, थाना विवेक विहार, जिला जोधपुर, राजस्थान) घटना के समय से फरार चल रही थी। उसकी गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक शाजापुर द्वारा ₹10,000 के पुरस्कार की घोषणा की गई थी।

गठित टीम द्वारा लगातार प्रयास करते हुए 19 जुलाई 2026 को उक्त इनामी महिला आरोपी को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय शुजालपुर में पेश किया गया।

सराहनीय भूमिका

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी शुजालपुर मंडी निरीक्षक शिवकुमार यादव, प्रधान आरक्षक 158 आशीष वर्मा, आरक्षक 295 विनोद भैसानिया, महिला आरक्षक 486 ममता परिहार एवं आरक्षक 516 घनश्याम (सायबर सेल) की विशेष एवं सराहनीय भूमिका रही।