आईपीएल 2025 के 37वें मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का सामना पंजाब किंग्स से हुआ। आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। पंजाब की टीम को अच्छी शुरुआत मिली, लेकिन टीम का मध्यक्रम एकबार फिर लड़खड़ा गया। एक वक्त पंजाब ने 42 रन पर कोई विकेट नहीं गंवाया था, लेकिन इसके बाद टीम का स्कोर 68 रन पर तीन विकेट हो गया। कप्तान श्रेयस अय्यर लगातार तीसरे मैच में फेल रहे। वहीं, मुल्लांपुर में होम ग्राउंड पर उनका बल्ला अब तक खामोश है। क्रुणाल पांड्या ने फिर से शानदार गेंदबाजी की और अपनी टीम को विकेट दिलाने में कामयाब रहे।

पंजाब का मध्यक्रम लड़खड़ाया

पंजाब की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए अच्छी शुरुआत की। प्रियांश आर्या और प्रभसिमरन सिंह ने 26 गेंद में 42 रन की ओपनिंग साझेदारी निभाई। क्रुणाल ने पांचवें ओवर में प्रियांश को टिम डेविड के हाथों कैच कराया। फिर उन्होंने सातवें ओवर में प्रभसिमरन सिह को भी डेविड के हाथों कैच कराया। प्रियांश 15 गेंद में तीन चौके और एक छक्के की मदद से 22 रन और प्रभसिमरन 17 गेंद में पांच चौके और एक छक्के की मदद से 33 रन बना सके। इसके बाद श्रेयस खराब शॉट खेलकर आउट हुए। वह रोमारियो शेफर्ड की गेंद पर क्रुणाल को कैच थमा बैठे। श्रेयस 10 गेंद में छह रन बना सके। वह लगातार तीसरे मैच में दहाई का आंकड़ा नहीं छू सके। इससे पहले कोलकाता के खिलाफ वह खाता नहीं खोल सके थे। वहीं, बेंगलुरु के खिलाफ ही पिछले मैच में सात रन बना सके थे।

मुल्लांपुर में नहीं चला है श्रेयस का बल्ला

मुल्लांपुर में श्रेयस के बल्ले से रन नहीं निकला है। वह यहां इस सीजन आईपीएल में चार पारियों में 25 रन बना सके हैं। इसमें सिर्फ एक बार उन्होंने दहाई का आंकड़ा छुआ है। राजस्थान के खिलाफ वह यहां पांच अप्रैल को 10 रन बना पाए थे। इसके बाद आठ अप्रैल को चेन्नई के खिलाफ नौ रन बना सके थे, जबकि 15 अप्रैल को कोलकाता के खिलाफ खाता नहीं खोल सके थे। अब वह छह रन बना सके। वहीं, इसके उलट श्रेयस ने मुल्लांपुर से बाहर यानी इस सीजन अवे मैचों में चार में तीन पारियों में 50+ के स्कोर बनाए हैं। मुल्लांपुर में श्रेयस का बल्ला नहीं चलना टीम के लिए चिंता का विषय रहा है।

श्रेयस अय्यर ने इस आईपीएल में मुल्लांपुर में रन बनाए

10(5)
9(7)
0(2)
6(10)

चार बाहरी मैचों में उन्होंने तीन बार 50+ स्कोर बनाए हैं।

बीच के ओवरों में सबसे खराब टीम रही पंजाब

पंजाब ने इस मैच में पावरप्ले के बाद चार ओवर में 17 रन बनाए और तीन विकेट गंवाए। पावरप्ले में पंजाब ने एक विकेट पर 62 रन बनाए थे। यह आरसीबी के खिलाफ इस सीजन पावरप्ले में बनाए गए सबसे ज्यादा रन हैं। पंजाब ने कोलकाता नाइट राइडर्स को पीछे छोड़ा। कोलकाता ने ईडन गार्डेंस में एक विकेट पर 60 रन बनाए थे। पावरप्ले के तुरंत बाद के चरण (ओवर 7-10) में पंजाब की टीम इस सीजन में सबसे खराब टीम रही है। उसने इस चरण में 12 विकेट गंवाए हैं और 7.06 रन प्रति ओवर की दर से रन बनाए हैं। पंजाब को कम स्कोर पर रोकने में क्रुणाल ने अहम भूमिका निभाई। उन्होंने पावरप्ले और इसके बाद भी बहादुरी से गेंदबाजी की। क्रुणाल ने इस मैच में चार ओवर में 25 रन देकर दो विकेट झटके। वह आरसीबी के अवे मैचों में शानदार गेंदबाजी कर रहे हैं। 

क्रुणाल पांड्या का शानदार फॉर्म जारी

क्रुणाल ने अब तक पांच अवे मैचों में 10 विकेट झटके हैं। कोलकाता के खिलाफ ईडन गार्डेंस में उन्होंने चार ओवर में 29 रन देकर तीन विकेट झटके थे। फिर सीएसके के खिलाफ चेपॉक में दो ओवर में 26 रन दिए थे और कोई विकेट नहीं लिया था। फिर मुंबई के खिलाफ वानखेड़े में चार ओवर में 45 रन देकर चार विकेट झटके थे। राजस्थान के खिलाफ जयपुर में क्रुणाल ने चार ओवर में 29 रन दिए और एक विकेट लिया। फिर पंजाब के खिलाफ अब मुल्लांपुर में दो विकेट लिए हैं। पंजाब की टीम अपने होम ग्राउंड पर 20 ओवर में छह विकेट गंवाकर 157 रन ही बना सकी। प्रभसिमरन ने सबसे ज्यादा 33 रन बनाए। वहीं, शशांक सिंह ने नाबाद 31 रन की पारी खेली। क्रुणाल के अलावा सुयश शर्मा ने दो विकेट लिए।

क्रुणाल पंड्या का घर से बाहर प्रदर्शन इस आईपीएल में

विपक्षी टीम    गेंदबाजी फिगर
केकेआर    3/29
सीएसके    0/26
एमआई    4/45
आरआर    1/29
पीबीकेएस    2/25