शाजापुर कलेक्टर ने कहा
उपभोक्ताओं की कसौटी पर खरा उतरने के लिए उत्पादों को गुणवत्तायुक्त बनाना होगा
CURATED BY – MOHMMAD MUNEER | CITYCHIEFNEWS
शाजापुर, जिले के कृषकों, उद्यमियों, स्व सहायता समूहों, उद्यानिकी उत्पादों एवं प्रसंस्कृत उत्पादों को बाजार एवं उचित मूल्य दिलाने के लिए जिला पंचायत सभा कक्ष में कलेक्टर ऋजु बाफना की अध्यक्षता में क्रेता-विके्रता एवं निर्यातकों का सम्मेलन आयोजित किया गया। इस दौरान कलेक्टर ने जिले के उत्पादकों एवं एफपीओ के पदाधिकारियों से कहा कि आर्थिक लाभ प्राप्त करने के लिए उत्पादों को उपभोक्ताओं की कसौटी पर खरा उतरना होगा। इसके लिए उत्पादों की गुणवत्ता मेंटेन रखना होगा। एफपीओ अपनी आय वृद्धि के लिए फसलों की उत्पादकता में एकरूपता रखें और गुणवत्ता मेंटेन करें। कलेक्टर ने उद्यानिकी, कृषि एवं आत्मा के अधिकारियों को निर्देश दिए कि एफपीओ एवं उत्पादकों को एक्सपोजर विजिट कराएं। इस दौरान राज्य नीति आयोग की सलाहकार जरीन सदाफ खान ने कहा कि राज्य सरकार उत्पादकों को प्रोत्साहित करने के लिए अनेक कदम उठाने जा रही है। उत्पादकों को उत्पादों की गुणवत्ता में सुधार करना होगा। साथ ही उत्पादकों के सहयोग के लिए नाबार्ड द्वारा समाधान निकाला जा रहा है। एक एप्प भी बनाया जा रहा है जिस पर उत्पादकों को अपने उत्पाद का पंजीयन कराना होगा। इसके बाद उत्पादकों को बाजार उपलब्ध कराने के लिए राज्य शासन सहायता करेगी। सम्मेलन में लायंस इम्पेक्स नवी मुम्बई महाराष्ट्र के भारत भूषण खरबन्दा ने उद्यानिकी फसलों का खाद्य प्रसंस्करण, गुणवत्ता एवं खाद्य सुरक्षा, पैकेजिंग तकनीक, व्यापार प्रक्रिया, चुनौतियां एवं निदान, लायसेंसीकरण प्रक्रिया, आलू-प्याज, लहसून का श्रेणीकरण एवं छटाई, बाजार हेतु पैकेजिंग तकनीक, फार्मर प्रोड्यूसर संगठन पर विस्तार से जानकारी दी। इसी तरह सिद्धी विनायक, एग्री प्रोसेसिंग प्रालि पुणे के गणेश पंवार ने आलू उत्पाद की तकनीक में उच्च गुणवत्ता के प्रचलित किस्मों का बीजोत्पादन, उचित भण्डरण एवं आपूर्ति श्रृंखला तथा सर्वोत्तम श्रेणी के प्रसंस्करण एवं व्यापार के बारे में विस्तार से जानकारी दी। एक्सेस डेवलपमेंट सर्विसेस दिल्ली के चिंतन मेघवंशी ने अनुबंध खेती और एफपीओ, एसएसजी एवं सीएलएफ द्वारा साझेदारी की खेती सहित अन्य विधियों से आर्थिक विकास पर व्याख्यान दिया।