CURATED BY – LAKESH PANCHESHWAR | CITYCHIEFNEWS

लालबर्रा, लालबर्रा थाना क्षेत्र में 8 फरवरी को पदभार ग्रहण करने वाले नए थाना प्रभारी सुनील चतुर्वेदी से आज औलियाकन्हार फिजिकल क्लब के सचिव एवं पत्रकार शरद धानेश्वर ने सौजन्य भेंट की।   इस दौरान क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं,यातायात व्यवस्था और कानून-व्यवस्था को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।
शरद धानेश्वर ने कहा,"लालबर्रा में यातायात नियंत्रण,सड़क सुरक्षा और बढ़ते अपराधों को रोकने के लिए सख्त कदम उठाने की आवश्यकता है। आमजन को सुरक्षित माहौल मिले,इसके लिए पुलिस प्रशासन की सक्रियता बेहद जरूरी है। हमें विश्वास है कि नए थाना प्रभारी इन मुद्दों पर गंभीरता से अवश्य ही कार्य करेंगे।"
थाना प्रभारी सुनील चतुर्वेदी ने आश्वासन देते हुए कहा, "लालबर्रा क्षेत्र में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखना हमारी प्राथमिकता है। हम अपराधों पर सख्त नियंत्रण रखेंगे और किसी भी असामाजिक तत्व को क्षेत्र में सक्रिय नहीं होने देंगे। चोरी,लूटपाट,अवैध गतिविधियों और अन्य आपराधिक घटनाओं पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए गश्त को बढ़ाया जाएगा और संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।"
उन्होंने आगे कहा, "क्षेत्र में पुलिस की उपस्थिति बढ़ाई जाएगी और आमजन की सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएंगे। हम जनता से भी सहयोग की अपील करते हैं कि किसी भी आपराधिक गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें ताकि त्वरित कार्रवाई की जा सके। हमारी कोशिश रहेगी कि लालबर्रा को अपराध मुक्त और सुरक्षित बनाया जाए।"
थाना प्रभारी ने विश्वास दिलाया कि स्थानीय नागरिकों और पुलिस के सहयोग से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा और अपराधियों पर सख्त कार्रवाई होगी।
सुनील चतुर्वेदी मूल रूप से शिवपुरी निवासी हैं और 2015 बैच के सब-इंस्पेक्टर हैं। बालाघाट जिले में पदस्थापना से पहले वे भोपाल के ईंटखेड़ी, बिलखिरिया और नजीराबाद थानों के थाना प्रभारी के रूप में कार्य कर चुके हैं। बालाघाट जिले में उन्होंने थाना खैरलांजी और ग्रामीण नवेगांव में थाना प्रभारी के रूप में सेवाएँ दी हैं और वर्तमान में लालबर्रा थाना प्रभारी के रूप में कार्यरत हैं।